लेंस डेस्क । थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही Air India की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। हवा के अचानक झटकों से विमान कई फीट नीचे चला गया। पायलट ने स्थिति संभाली और विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। इस हादसे में यात्री और क्रू मेंबर्स समेत 12 लोग घायल हुए। कुछ को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि 7 घायलों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। एयर इंडिया ने पहले कहा था कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं तथा किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।
फ्लाइट में सवार एक यात्री ने बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक तेज झटके लगने लगे। सुबह का समय था और ज्यादातर यात्री सो रहे थे। विमान 2-3 मिनट तक जोर से हिलता और पलटी खाता रहा। यात्री के मुताबिक फ्लाइट में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। कुछ लोगों को चोटें आईं और विमान की सीलिंग के पैनल में दरारें दिखीं। घटना की जांच चल रही है।
बता दें कि टर्बुलेंस में हवा का बहाव अचानक बदल जाता है, जिससे विमान ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिलने लगता है। कभी-कभी विमान कुछ फीट नीचे भी आ जाता है। आधुनिक विमान ऐसे झटकों को झेलने के लिए बनाए जाते हैं और पायलटों को विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। ज्यादातर मामलों में टर्बुलेंस से बड़ा हादसा नहीं होता। दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद घायलों का इलाज जारी है। एयरलाइन और अधिकारियों द्वारा आगे की जांच की जा रही है।







