रायपुर। रक्षाबंधन के मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कलाई पर शहीद जवान की पत्नी ने राखी बांधी है। वर्ष 2017 में पूर्व नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री साय को राखी बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद परिवार के प्रति सम्मान और आत्मीयता जताई।
दरअसल, राजधानी के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम के तहत स्कूली छात्राओं और स्व-सहायता समूह की दीदियों ने सुरक्षाबलों के जवानों की कलाई पर राखी बांधी।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि यह राखी उनके लिए केवल भाई-बहन के स्नेह का बंधन नहीं है, बल्कि इसमें एक शहीद परिवार का विश्वास, अपनापन और मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की स्मृतियां भी जुड़ी हैं।
सीएम साय ने आगे लिखा, ‘हमारे वीर जवानों का बलिदान और उनके परिवारों का त्याग छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूल सकता। शहीदों के परिवार हमारे अपने परिवार हैं।’
उन्होंने कहा कि उनके प्रति सम्मान, आत्मीयता और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का यह रिश्ता सदैव अटूट रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में रक्षाबंधन के ठीक एक दिन पहले हुई मुठभेड़ में शहीद हुए उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने इस पल को भावुक कर देने वाला बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीद परिवारों के साथ सरकार और समाज का रिश्ता सिर्फ औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए। देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना की जिम्मेदारी पूरे समाज की है।










