कोरबा में बड़ा हादसा: राखड़ बांध टूटा, जेसीबी चालक की मौत, तीन मजदूरों को रेस्क्यू कर बचाया गया

Korba

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा (Korba) के दर्री क्षेत्र में स्थित राखड़ बांध में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ राज्य बिजली कंपनी (CSPC) के इस राखड़ बांध में मरम्मत कार्य के दौरान अचानक बांध का हिस्सा टूट गया, जिससे राखड़ और मलबा आसपास के इलाके में फैल गया।

हादसे के वक्त मौके पर काम कर रही एक जेसीबी मशीन मलबे की चपेट में आ गई। इस घटना में जेसीबी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि राहत कार्य में जुटे कर्मियों ने वहां काम कर रहे तीन मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विद्युत मंडल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह राखड़ बांध पहले भी तीन बार टूट चुका है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा और मरम्मत को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य रवि रजक ने इस घटना को CSPC और ठेकेदार की लापरवाही करार दिया है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोप है कि हादसे के समय कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे शुरुआती राहत कार्य में भी देरी हुई।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल, हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories