Maharashtra Vidhan Bhawan: महाराष्ट्र विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान गुरुवार 12 मार्च 2026 को विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। विधान भवन के आधिकारिक ई-मेल अकाउंट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने यह धमकी भेजी, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए तुरंत विधान भवन को खाली कराया गया और सभी एंट्री-एग्जिट गेट बंद कर दिए गए। धमकी मिलते ही पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते (BDDS) को बुलाया।
वर्तमान में परिसर में सर्च ऑपरेशन जारी है जिसमें चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है लेकिन जांच पूरी होने तक सुरक्षा कड़ी बनी रहेगी। मुंबई पुलिस की साइबर सेल आरोपी का पता लगाने के लिए ई-मेल को ट्रैक कर रही है। यह धमकी ऐसे समय आई है जब विधान भवन में विधायक, मंत्री और कई VIP मौजूद हैं। इससे पहले भी मुंबई के कोर्ट और अन्य जगहों पर ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं।








