LIVE : खामेनेई की मौत के बाद ईरान का पलटवार, हमले में 9 इजरायली नागरिक और 3 अमेरिकी सैनिक मारे गए

March 1, 2026 10:05 PM

लेंस इंटरनेशनल डेस्क। ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों (Israel-Iran War) में हो गई है। इस हमले में उनकी बेटी, दामाद, बहू और पोती सहित परिसर में मौजूद लगभग 40 उच्च स्तरीय कमांडर भी मारे गए।

अपने सुप्रीम लीडर की मौत के बाद ईरान ने पलटवार शुरू कर दिया है। ईरान की तरफ से किए गए हमलें में इजरायल के बेइत शेमेश शहर में 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। इसके अलावा हमलों में 3 अमेरिकी सैनिकों की भी मौत हो गई है।

दूसरी तरफ ईरान ने अमेरिका के पांचवे बेड़े के युद्ध पोत USS अब्राहम लिंकन पर मिसाइलें दागने का दावा किया है। हालांकि अमेरिका ने इस दावे से इंकार किया है।

दूसरी तरफ इजरायल के हमले में ईरान के पूर्व राष्ट्रपति अहमदीनेजाद की मौत हो गई है। इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने इसका दावा किया है।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार रात देर से उनकी मौत की घोषणा की, जिसके कुछ समय बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इसकी पुष्टि करते हुए इसे ‘न्याय’ बताया।

रविवार सुबह ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसियों तस्नीम और फार्स ने आधिकारिक रूप से उनकी शहादत की पुष्टि की, जिसके बाद देश में 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक और सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टी घोषित कर दी गई।

ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इसे ‘महान नेता की क्षति’ बताते हुए गहरा दुख जताया है, जबकि ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि अब सबसे घातक जवाबी कार्रवाई शुरू होने वाली है, जिसमें अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की पुष्टि

ईरानी सरकारी मीडिया ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि अमेरिका-इजरायल के इन हमलों में देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई। खामेनेई उनके कार्यालय में मौजूद थे जब हमला हुआ। ईरान ने 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति और इजरायली प्रधानमंत्री ने भी इस घटना की पुष्टि की है, जबकि ईरानी राज्य टीवी ने इसे ‘शहादत’ करार दिया।

कराची में अमेरिकी दूतावास में तोड़फोड़

ईरानी सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद कराची में अमेरिकी दूतावास में तोड़फोड़ कर आग लगाने वाली भीड़ पर पुलिस की गोलीबारी में 12 की मौत हो गयी है और 30 लोग घायल हुये हैं।

मिडिल ईस्ट में CBSE बोर्ड परीक्षाएं स्थगित

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान-इज़राइल संघर्ष के कारण सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। 2 मार्च 2026 को निर्धारित परीक्षाएं बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्थित सीबीएसई संबद्ध स्कूलों के छात्रों के लिए प्रभावित हुई हैं। बोर्ड ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है, क्योंकि क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति, हवाई क्षेत्र बंद होने और सुरक्षा अलर्ट के कारण हालात नाजुक बने हुए हैं।

सीबीएसई ने आधिकारिक नोटिस में स्पष्ट किया है कि नई परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। छात्रों और स्कूलों से अपील की गई है कि वे आधिकारिक अपडेट्स के लिए सीबीएसई की वेबसाइट पर नजर रखें और किसी भी अफवाह या फर्जी सर्कुलर पर ध्यान न दें। बोर्ड 3 मार्च 2026 को स्थिति की समीक्षा करेगा और 5 मार्च से निर्धारित परीक्षाओं के बारे में आगे का निर्णय लेगा।

तेहरान में भयंकर विस्फोटों की गूंज: इजरायली हमलों से राजधानी हिली

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने तेहरान में ‘भयानक विस्फोटों’ की खबर दी है। सैयद खानदान, कसर चौराहा, वनक स्क्वायर और मोताहारी स्ट्रीट जैसे प्रमुख इलाकों में मिसाइल तथा हवाई हमलों से जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। इजरायली सेना ने राजधानी के केंद्र में बड़े पैमाने पर हवाई हमले की पुष्टि की है, जिसके बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में धुआं उठता देखा गया और स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण हो गई है।

ईरान में 24 घंटे से ज्यादा समय से इंटरनेट पूरी तरह बंद

नेटब्लॉक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में राष्ट्रव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट 24 घंटे से अधिक समय से जारी है। देश की कुल इंटरनेट कनेक्टिविटी अब सामान्य स्तर के महज 1% पर सिमट गई है, जिससे संचार और सूचना का प्रवाह लगभग ठप हो चुका है।

Israel-Iran War: ईरान के शीर्ष सैन्य और राजनीतिक नेताओं की जान गई

हमलों में ईरान के कई उच्च स्तरीय अधिकारी भी मारे गए हैं। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, सशस्त्र बलों के प्रमुख अब्दुल रहीम मौसवी, रक्षा मंत्री अजीज नासिरजादेह, सर्वोच्च नेता के सुरक्षा सलाहकार अली शमखानी और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के कमांडर-इन-चीफ मोहम्मद पाकपुर सहित अन्य वरिष्ठ कमांडरों की मौत हुई है। इन हमलों ने ईरान की सैन्य कमान को गहरा झटका पहुंचाया है।

पाकिस्तान में खामेनेई की मौत पर भारी गुस्सा

खामेनेई की मौत की खबर फैलते ही पाकिस्तान में व्यापक आक्रोश फैल गया, खासकर कराची शहर में। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिकी दूतावास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और गुस्से का इजहार किया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है ताकि हालात बेकाबू न हों।

ईरान में अंतरिम नेतृत्व परिषद का गठन आज

ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने घोषणा की है कि आज ही देश में एक अंतरिम नेतृत्व परिषद का गठन किया जाएगा। यह परिषद सर्वोच्च नेता के उत्तराधिकारी के चयन तक देश की बागडोर संभालेगी। संविधान के अनुसार, इस तीन सदस्यीय परिषद में राष्ट्रपति, न्यायपालिका के प्रमुख और गार्डियन काउंसिल के एक धार्मिक विद्वान शामिल होंगे।

Israel-Iran War: खाड़ी क्षेत्र में और हमले: दुबई, यूएई और दोहा में धमाके

ईरान के जवाबी हमलों के चलते खाड़ी देशों में भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। दोहा (कतर) के आसमान में जोरदार धमाके सुने गए, जहां कतर की वायु रक्षा प्रणाली ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने में जुटी है। मलबा गिरने की आशंका जताई जा रही है। इसी तरह दुबई और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भी विस्फोटों की खबरें आई हैं। ईरान ने संकेत दिया है कि आगे और हमले हो सकते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध का खतरा मंडरा रहा है।

ईरान में खामेनेई की याद में हजारों लोग सड़कों पर

ईरान के ऐतिहासिक शहर इस्फहान में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। वे सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की याद में श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और गहरे शोक में डूबे नजर आ रहे हैं। ईरान के सरकारी अंग्रेजी चैनल प्रेस टीवी द्वारा जारी वीडियो में नक्श-ए-जहां चौक (इमाम स्क्वायर) पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जहां लोग झंडे लहराते हुए, नारे लगाते और भावुक होकर एकजुट खड़े हैं।यह बड़ी सभा रविवार को हुई, ठीक उसी दिन जब ईरानी सरकार ने आधिकारिक रूप से खामेनेई की मौत की पुष्टि की।

मीनाब में लड़कियों के स्कूल पर हमले में मौतों का आंकड़ा 148 तक पहुंचा

ईरान के दक्षिणी शहर मीनाब में एक प्राथमिक लड़कियों के स्कूल पर शनिवार को हुए मिसाइल हमले ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस हमले में अब तक 148 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर छोटी बच्चियां शामिल हैं। हमला अमेरिका और इज़राइल के व्यापक हवाई अभियान का हिस्सा था, जिसमें कई नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या कम बताई गई थी, लेकिन घायलों की हालत बिगड़ने और बचाव कार्यों के दौरान और शव बरामद होने से आंकड़ा तेजी से बढ़ा है।

भारत में विदेशियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और उड़ानों के रद्द होने के कारण यात्रा योजनाएं प्रभावित होने पर विदेश मंत्रालय ने सभी विदेशी नागरिकों से अपील की है। यदि आपको वीजा बढ़ाने या ठहरने की स्थिति नियमित करने में मदद चाहिए, तो निकटतम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) से संपर्क करें। संबंधित FRRO आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग करेगा।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को अंदर रहने, गैर-जरूरी बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सख्त सलाह दी है, साथ ही आपात स्थिति में संपर्क के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं: +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359।

कई एयरलाइंस ने फ्लाइट्स रद्द या सस्पेंड कर दी हैं, जैसे एयर इंडिया की दिल्ली-तेल अवीव उड़ान वापस बुलाई गई। UAE, सऊदी अरब, इज़राइल, कतर आदि देशों में भी भारतीय मिशनों ने सतर्कता और स्थानीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है। केरलवासियों के लिए NORKA की विशेष हेल्पलाइन (+91-8802012345 या 18004253939) उपलब्ध है।

ईरानी दूतावास में शोक का माहौल

ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की आधिकारिक पुष्टि के बाद दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने झंडा आधा झुका दिया है। अमेरिका-इज़राइल के संयुक्त हमलों में उनकी मौत हुई, जिसके बाद ईरान में 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है.

बगदाद में अमेरिकी दूतावास के बाहर तनाव

इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास के समीप सैकड़ों प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ईरान पर अमेरिका-इज़राइल के हमलों और सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत के खिलाफ नारे लगाते हुए भीड़ ने गुस्सा जताया। सुरक्षा बलों ने स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दुबई में सैकड़ों भारतीय फंसे

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी हमलों के दौरान एक ड्रोन से जुड़ी घटना में 4 लोग घायल हो गए हैं। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, ड्रोन को रोका गया लेकिन उसके मलबे से एयरपोर्ट के एक हिस्से में मामूली नुकसान और आग लग गई। अबू धाबी में भी एक व्यक्ति की मौत की खबर आई है। एक दिन पहले बुर्ज खलीफा के नजदीक और पाम जुमेराह इलाके में विस्फोट की घटनाएं हुईं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जहां धुआं और धमाके दिखाई दे रहे हैं। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष ने पूरे क्षेत्र की स्थिति को खतरनाक बना दिया है। कई देशों ने एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिसका सीधा असर भारत पर पड़ रहा है। दुबई में सैकड़ों भारतीय यात्री फंस गए हैं।

भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने X पर पोस्ट किया कि एयरपोर्ट के पास जहां वे रुके थे वहां धमाका हुआ। उनका कोच धुएं और मलबे के बीच से भागकर सुरक्षित हुआ। उन्होंने इसे बेहद डरावना पल बताया और अब वे सुरक्षित जगह पर हैं। एक्ट्रेस सोनल चौहान ने भी इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील की है। उन्होंने लिखा कि फ्लाइट्स रद्द होने से भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं है और सरकार से सहायता की उम्मीद है।

फ्लाइट हुई प्रभावित, कई उड़ानें रद्द

एविएशन सेक्टर में बड़ा असर दिख रहा है। आज एयर इंडिया ने 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कीं, जिससे कुल 50 हो गई हैं। एविएशन मंत्रालय के अनुसार, भारतीय एयरलाइंस की करीब 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। इंडिगो ने भी 2 मार्च रात 11:59 बजे तक कुछ अंतरराष्ट्रीय सेवाएं निलंबित कर दी हैं। यात्रियों से सलाह है कि वे आधिकारिक अपडेट्स पर नजर रखें और अफवाहों से बचें।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now