Iran – Israel war Impact: ओमान की खाड़ी में तेल टैंकर ‘एमवी स्काईलाइट’ Skylight Ship पर ईरानी हमले में दो भारतीय नाविकों की मौत हो गई है। यह घटना 1 मार्च 2026 को हुई, जब जहाज ओमान के खसाब पोर्ट से करीब 5 नॉटिकल माइल उत्तर में लंगर डाले हुए था। हमले में जहाज पर आग लग गई और विस्फोट हुआ, जिसके कारण दो भारतीय क्रू मेंबर्स लापता हो गए थे। बाद में उनकी मौत की पुष्टि हुई और उनके अवशेष बरामद किए गए।
मृतकों में बिहार के बेतिया निवासी कैप्टन आशीष कुमार और राजस्थान के नागौर जिले के खींवताना गांव के 24 वर्षीय दलीप सिंह शामिल हैं। जहाज पर कुल 20 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी थे। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने बाकी सभी को सुरक्षित निकाल लिया। हमला मिसाइल या विस्फोटक से लदी ड्रोन नाव से किया गया माना जा रहा है जो ईरान की ओर से ‘अमेरिकी आक्रामकता’ के जवाब में हुआ।
ईरानी अधिकारियों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने और ऐसे जहाजों को नष्ट करने की चेतावनी दोहराई है। यह टैंकर पलाऊ के झंडे तले चल रहा था और दिसंबर 2025 में अमेरिकी प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया था क्योंकि इसे ईरानी तेल परिवहन से जुड़ा माना जाता है। घटना से खाड़ी क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, जहां भारत की ऊर्जा जरूरतें इस रूट पर निर्भर हैं।











