रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच धमतरी के गंगरेल बांध (Gangrel Dam) का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बांध में करीब 91 फीसदी तक जल भर गया है। इसके बाद भी बांध के ऊपरी इलाकों में हो रही बारिश के कारण पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जलस्तर और बढ़ने पर गंगरेल बांध के गेट खोले जाएंगे।
करीब 32 टीएमसी की क्षमता वाले गंगरेल बांध में 29 टीएमसी से ज्यादा पानी जमा हो चुका है। बांध में फिलहाल करीब 3,500 क्यूसेक प्रति सेकेंड की रफ्तार से पानी की आवक बताई जा रही है। अगर बारिश सिलसिला जारी रहा तो जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।
गंगरेल में तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बांध के जलस्तर और पानी की आवक की लगातार निगरानी की जा रही है और हर घंटे की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।
इससे पहले 23 अगस्त को गंगरेल बांध करीब 89 फीसदी भर चुका था। उस समय भी जल आवक बढ़ने पर गेट खोले जाने की संभावना जताई गई थी। लेकिन बारिश रुक गई जिसके बाद गेट नहीं खोले गए।
दरअसल, बांध की कुल जल संग्रहण क्षमता 32.150 टीएमसी बताई जा रही है।
गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में निचले इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए है प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।









