रायपुर। प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मविभूषण सम्मानित डॉ. तीजनबाई (TEEJAN BAI) की निधन की झूठी खबर रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। देखते-ही-देखते यह खबर पूरे इंटरनेट पर फैल गई, जिससे उनके लाखों प्रशंसकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। कई लोगों ने बिना किसी पुष्टि के उनकी तस्वीरों के साथ श्रद्धांजलि वाले पोस्ट भी साझा कर दिए।
ये भी पढ़ें – हमारी तीजन बीमार हैं… PM ने सुध ली लेकिन CM ने नहीं
हालांकि, द लेंस की टीम ने खबर फैलने के तुरंत बाद तीजनबाई के परिजनों और करीबियों से संपर्क किया। परिजनों ने स्पष्ट बताया कि तीजनबाई जीवित हैं और अस्वस्थ होने के बावजूद उनका इलाज चल रहा है। कुछ महीने पहले द लेंस की टीम भिलाई स्थित उनके निवास पर पहुंची थी, जहां उन्होंने तीजनबाई और उनके करीबियों से मुलाकात की थी और उनका हालचाल जाना था। आज सुबह भी डॉक्टरों की टीम उनके घर गई और उनका रेगुलर चेकअप AIIMS रायपुर में जारी है। परिजनों ने साफ कहा कि तीजनबाई स्वस्थ हैं और अपने निवास पर आराम कर रही हैं।
इस दौरान परिजनों ने लोगों से अपील की है कि बिना आधिकारिक पुष्टि के ऐसी भ्रामक और अफवाह वाली खबरें न फैलाएं। गौरतलब है कि 1 नवम्बर को अपने रायपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीजन बाई की बहु वेणु देशमुख को फोनकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी, जिसके बाद प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए बेहतर इलाज के लिए परिवार वालों से सम्पर्क किया था।










