रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (Droupadi Murmu) 23 अक्टूबर को बस्तर की राजधानी जगदलपुर का दौरा करेंगी। इस दौरान वे बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगी और आम लोगों से भी मिलेंगी।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया है। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और बैठक व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। जगदलपुर में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
राष्ट्रपति सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शिरकत करेंगी। यह दरबार बस्तर दशहरा की सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसमें आदिवासी समुदाय अपनी बातें रखते हैं। इसके अलावा लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी राष्ट्रपति संबोधित करेंगी।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन दोनों तरफ से व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। यातायात नियंत्रण, सुरक्षा घेरा और लोगों की सुविधा का खास ध्यान रखा जा रहा है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से हो सकें।
बस्तर क्षेत्र के लिए यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि राष्ट्रपति स्वयं मुरिया दरबार में शामिल होकर स्थानीय परंपराओं का सम्मान करेंगी।









