मणिपुर : संदिग्ध उग्रवादियों के रॉकेट हमले में दो बच्चों की मौत, बिष्णुपुर जिले में भड़का जातीय तनाव

April 7, 2026 8:23 PM
Ethnic Tensions in Manipur

नई दिल्ली। संदिग्ध उग्रवादियों की ओर से दागे गए रॉकेट हमले में दो मासूम बच्चों की जान जाने के बाद एक बार फिर मणिपुर में जातीय तनाव भड़क गया है। इस हमले में बच्‍चों की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। मंगलवार सुबह बिष्णुपुर जिले के मोइरांग इलाके में इस घटना ने पूरे राज्य में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है।

हिंदुस्‍तान टाइम्‍स की खबर में रिपोर्ट की गई घटना के अनुसार संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने एक प्रोजेक्टाइल (रॉकेट या मोर्टार शेल जैसा) दागा, जो सीधे एक सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जवान के घर की बेडरूम की खिड़की से टकराया। उस समय पूरा परिवार सो रहा था। यह हमला मंंगलवार रात करीब 1 से डेढ़ बजे के बीच हुआ बताया जा रहा है।

घटना की पुष्टि करते हुए मणिपुर के गृहमंत्री गोविंदास कोंथौजम ने एक्‍स पर एक पोस्‍ट की। जिसमें उन्‍होंने कहा कि ‘मैं ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई में हुए इस जघन्य हमले की कड़ी निंदा करता हू। तड़के तड़के हुई इस बर्बर हिंसा में दो मासूम बच्चे एक 5 वर्षीय लड़का और एक 5 महीने की बच्ची अपनी मां के साथ सोते हुए अपनी जान गंवा बैठे। मामले की गहन जांच चल रही है और दोषियों की शीघ्र पहचान करके उन्हें कानून के अनुसार न्याय के कटघरे में लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।’

घायल मां गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्‍चों के शवों को इम्फाल के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में रखा गया है। घटनास्थल के पास एक अनएक्सप्लोडेड रॉकेट लॉन्चर भी बरामद किया गया है, जिसे निष्क्रिय करने के लिए बम डिस्पोजल टीम मौके पर पहुंची हुई है।

विरोध प्रदर्शन

मासूमों की मौत की खबर फैलते ही मोइरांग और आसपास के इलाकों में स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा भड़क उठा। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया, तेल टैंकरों और ट्रकों को आग के हवाले कर दिया तथा सुरक्षा बलों के कैंप की ओर मार्च करने की कोशिश की। कुछ जगहों पर पुलिस स्टेशन के गेट को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और आसपास के पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

तीन दिन के लिए इंटरनेट बैन  

बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए मणिपुर सरकार ने तत्काल कदम उठाते हुए इम्फाल वेस्ट, इम्फाल ईस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में तीन दिनों के लिए इंटरनेट, मोबाइल डेटा, ब्रॉडबैंड तथा वीएसएटी-वीपीएन सेवाओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला दोपहर 2 बजे से प्रभावी है, ताकि अफवाहों और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोका जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now