रायपुर। छत्तीसगढ़ में CGPSC में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। ED की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तत्कालीन निजी सहायक (PA) केके चंद्राकर के भिलाई-3 स्थित आवास पर दबिश दी है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में छत्तीसगढ़ में कुल 7 ठिकानों पर तलाशी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम सुबह करीब 6 बजे दो गाड़ियों और सुरक्षा बल के साथ केके चंद्राकर के आवास पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने घर के भीतर दस्तावेजों और अन्य जरूरी सामान की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान आवास के बाहर भी सुरक्षा बल तैनात रहा।
शुरुआती जानकारी में इस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, लेकिन अब अधिकारियों के हवाले से सामने आया है कि ED की यह कार्रवाई CGPSC में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के सिलसिले में की जा रही है। ED ने इसी जांच के तहत प्रदेश में सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है।
केके चंद्राकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निजी सहायक के तौर पर काम कर चुके हैं। ऐसे में उनके आवास पर ED की कार्रवाई के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।









