रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में दीपावली की छुट्टियों को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा बदलाव किया है। राज्य के स्कूलों में दीपावली अवकाश एक दिन बढ़ा दिया गया है। अब 6 से 11 नवंबर 2026 तक कुल छह दिन की छुट्टी रहेगी। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मीडिया को इसकी जानकारी दी है। पहले विभाग ने 6 से 10 नवंबर तक पांच दिन का अवकाश निर्धारित किया था।
सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा फैसला
यह अवकाश प्रदेश के सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ डीएड, बीएड और एमएड महाविद्यालयों पर भी लागू होगा। नई व्यवस्था के अनुसार 12 नवंबर से नियमित कक्षाएं शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, छुट्टी बढ़ाने का औपचारिक आदेश जारी होना अभी बाकी है।
दशहरा और शीतकालीन अवकाश में बदलाव नहीं
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जारी अवकाश कैलेंडर के मुताबिक, दशहरा की छुट्टियां 17 से 21 अक्टूबर और शीतकालीन अवकाश 24 से 28 दिसंबर तक निर्धारित हैं। दोनों अवकाश पांच-पांच दिन के रहेंगे। दीपावली की छुट्टी बढ़ाने की मांग शिक्षक संगठनों और अभिभावकों की ओर से उठाई गई थी। अब विभाग के औपचारिक आदेश के बाद संशोधित अवकाश की स्थिति स्पष्ट होगी।










