मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता और आमिर खान (Imran Khan) के भांजे इमरान खान को मुंबई के विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। उन्हें 28 अक्टूबर 2026 तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है। मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी होने की पुष्टि की है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लिया था हिरासत में
10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसमें इमरान खान अपनी पार्टनर लेखा वॉशिंगटन और रिश्तेदार जैन मैरी खान के साथ शामिल हुए थे। पुलिस ने उन्हें अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में लिया था। बाद में इमरान ने पुलिस वैन से तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, “लगता है मैं घूमने जा रहा हूं।”
अमेरिकी नागरिक हैं इमरान खान
इमरान खान अमेरिका के नागरिक हैं और भारत में ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड के आधार पर रहते हैं। OCI कार्डधारकों को भारत में रहने और काम करने की सुविधा मिलती है, लेकिन भारतीय नागरिकों जैसे सभी राजनीतिक अधिकार नहीं मिलते। विदेशी नागरिकों की राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी पर लागू प्रतिबंधों के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। फिलहाल नोटिस को लेकर इमरान खान की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








