संगीत को बनाया प्रतिरोध का हथियार, ईरानी संगीतकार ने पावर प्लांट में डेरा डाला

April 7, 2026 3:52 PM
Damavand Power Plant, Iran

नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली

एक ईरानी कलाकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रमुख बुनियादी ढांचे पर संभावित हमलों की चेतावनी के बाद पावर प्लांट के बाहर डेरा डाल दिया है। कलाकार अली घमसारी ने डामावंद पावर प्लांट के बाहर अपने वाद्ययंत्रों के साथ बैठ गए हैं। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ट्रंप की समयसीमा के अंत तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलता तो इस जगह पर हमला किया जा सकता है।

यह पावर प्‍लांट ईरान के पाकदाश्त क्षेत्र में है और तेहरान शहर की बिजली आपूर्ति में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जो तेहरान की लगभग 43 फीसदी बिजली जरूरत को पूरा करता है। यह प्‍लांट साल 2011-12 में शुरू हुआ था।

घमसारी, पारंपरिक फारसी वाद्ययंत्र तार से जुड़े एक प्रसिद्ध कलाकार हैं। उन्होंने संगीत को अपने प्रतिरोध का माध्यम बनाया है। पावर प्लांट के बाहर बैठकर वे अपना वाद्ययंत्र बजा रहे हैं, जिसे वे आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं के विनाश के खिलाफ शांतिपूर्ण अपील बता रहे हैं।

ऑनलाइन शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा,“मैं अभी डामावंद पावर प्लांट पर हूं। कह नहीं सकता, काश आप भी मेरे साथ यहां होते। क्योंकि यह वह जगह है जिस पर हमले की धमकी दी गई है, जिसकी मुझे उम्मीद है कि नहीं होगी। मुझे उम्मीद है कि मेरे तार की ध्वनि शांति पर असर डाल सकेगी और घरों की लाइटें बुझने से बचा सकेगी।”

उनका यह शांत लेकिन प्रतीकात्मक विरोध बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच आया है। वैश्विक तेल परिवहन का महत्वपूर्ण मार्ग हॉर्मुज जलडमरूमध्य इस गतिरोध के केंद्र में है। इसके बाधित होने से तेल की कीमतें बढ़ गई हैं।

ट्रंप ने तेहरान को सख्त चेतावनी देते हुए अल्टीमेटम जारी किया कि मार्ग पर संचालन बहाल किया जाए, समयसीमा तय की और चेतावनी दी कि अगर अनुपालन नहीं हुआ तो बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर हमले हो सकते हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो पावर प्लांट सहित प्रमुख सुविधाओं को नष्ट कर दिया जाएगा।

ईरान को झुकाने के अपने नवीनतम प्रयास में ट्रंप ने सोमवार को चेतावनी दी कि अगर उनकी समयसीमा के अंत तक हॉर्मुज नहीं खोला गया तो तेहरान के पावर प्लांट और पुलों पर समन्वित हमले किए जाएंगे।

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा:“मंगलवार ईरान में पावर प्लांट डे और ब्रिज डे एक साथ होगा। जैसा पहले कभी नहीं हुआ होगा!!! फकिंग स्ट्रेट खोल दो, तुम पागल ब***र्ड्स, वरना तुम नर्क में रहोगे – बस देखते रहो! अल्लाह की प्रशंसा हो। राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप।”

इसके जवाब में ईरानी अधिकारियों ने नागरिकों से सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की है। पूरे देश में कलाकारों, छात्रों और खिलाड़ियों सहित नागरिकों से कहा गया है कि 7 अप्रैल को पावर प्लांटों के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाएं। इसका उद्देश्य बिजली, पानी और गैस जैसी जरूरी सेवाओं पर किसी भी संभावित हमले के खिलाफ दृश्यमान और सामूहिक प्रतिरोध दिखाना है।

इस तनावपूर्ण माहौल के बीच घमसारी का संगीत न सिर्फ विरोध है, बल्कि एक अपील भी है। यह याद दिलाता है कि संघर्ष की छाया में भी कुछ आवाजें आक्रामकता के बजाय कला और मौन के बजाय ध्वनि को चुन रही हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now