इस रविवार खुले रहेंगे सभी बैंक, RBI ने दी मंजूरी, 3 दिवसीय हड़ताल से पहले फैसला

लेंस डेस्क। आगामी हफ्ते में बैंकिंग सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) और वित्त मंत्रालय ने एक बड़ा फैसला लिया है। आने वाले रविवार यानी 27 सितंबर 2026 को देश की सभी सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखाएं, कार्यालय और एटीएम-लिंक ब्रांच सामान्य रूप से काम करेंगे।
यह कदम यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28 से 30 सितंबर तक बुलाई गई 3 दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए उठाया गया है, ताकि आम जनता को वित्तीय लेनदेन में कोई परेशानी न हो।

क्यों रविवार को बैंक खोलने का निर्णय लिया गया?

दरअसल, 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंकों में अवकाश है। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल प्रस्तावित है। यदि 27 सितंबर (रविवार) को भी बैंक बंद रहते, तो लगातार 5 दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप रहने का खतरा था। आम नागरिकों की बैंकिंग जरूरतों और चेक क्लीयरेंस जैसे जरूरी कामों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने रविवार को भी बैंकों को पूरी तरह चालू रखने के निर्देश जारी किए हैं।

बैंक कर्मचारी क्यों कर रहे हैं देशव्यापी हड़ताल?

बैंक यूनियनों की मुख्य मांग 5-डे बैंकिंग’ (हफ्ते में 5 दिन काम) की व्यवस्था लागू करने की है:

मौजूदा नियम: वर्तमान में बैंकों में हर महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को कामकाज होता है, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है।
कर्मचारियों की मांग: यूनियनों की मांग है कि सभी शनिवारों को आधिकारिक छुट्टी घोषित की जाए और हफ्ते में सोमवार से शुक्रवार तक ही काम हो।
30-45 मिनट extra काम का प्रस्ताव: कर्मचारियों का कहना है कि वे इस व्यवस्था के बदले रोजाना 30 से 45 मिनट अतिरिक्त काम करने को तैयार हैं।
सहमति के बावजूद देरी: UFBU के अनुसार, मार्च 2024 में द्विपक्षीय वेतन समझौते के तहत इस मांग पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार ने इसे अब तक लागू नहीं किया है।

IBA और वित्त मंत्रालय के साथ वार्ता रही बेनतीजा

हड़ताल टालने के लिए 22 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के साथ सुलह वार्ता हुई थी। इसके अलावा डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर की मध्यस्थता में भी बैठक हुई। अधिकारियों ने तर्क दिया कि 5-डे बैंकिंग का मामला सरकार के विचाराधीन है और कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने की अपील की। हालांकि, UFBU ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस भारत में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के 9 प्रमुख ट्रेड यूनियनों का एक संयुक्त मंच है। यह संगठन कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, कामकाजी घंटे, पेंशन और अन्य सेवा शर्तों को लेकर सरकार व बैंक प्रबंधनों के साथ बातचीत और प्रतिनिधित्व करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now