COP30 सम्मेलन स्थल पर अचानक लगी भीषण आग, ब्लू जोन में मची अफरा-तफरी,13 लोग अस्पताल में भर्ती

November 21, 2025 1:04 PM
COP 30 BRAZIL FIRE ACCIDENT

COP 30 BRAZIL FIRE ACCIDENT: ब्राजील के बेलेम शहर में चल रहे संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP30 के मुख्य स्थल में 20 नवम्बर की दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना ठीक उस वक्त हुई जब सम्मेलन का समापन 21 नवंबर होने वाला है और दुनिया भर के प्रतिनिधि जलवायु वित्त एवं जीवाश्म ईंधन से दूरी जैसे निर्णायक मुद्दों पर अंतिम समझौता करने की कगार पर थे। आग सम्मेलन के सबसे महत्वपूर्ण ‘ब्लू जोन’ में लगी, जहां सभी आधिकारिक वार्ताएं, देशों के पवेलियन, मीडिया सेंटर और उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों के दफ्तर स्थित हैं।

स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई आग से हजारों प्रतिनिधि, पत्रकार और स्टाफ सदस्यों को तुरंत बाहर निकाला गया। धुएं की वजह से 13 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फायर ब्रिग्रेड ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग की वजह किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (संभवतः माइक्रोवेव) को बताया जा रहा है। लोगों के बाहर निकलते ही मौसम ने भी करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे आग तो नहीं फैली लेकिन खुले आसमान के नीचे खड़े लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा।

फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उल्लेखनीय है कि ठीक इसी दिन संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सभी देशों से सम्मेलन को ठोस नतीजे तक पहुंचाने की जोरदार अपील की थी। अब आयोजकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि समापन से पहले बची हुई वार्ताएं कैसे पूरी की जाएंगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now