इन दिनों सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय है कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) CJP)। यह नाम युवाओं के बीच तेजी से वायरल हो रहा है। एक वर्चुअल पार्टी के रूप में शुरू हुई CJP ने महज कुछ दिनों में लाखों युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर लिया है। लेकिन 21 मई को इसका आधिकारिक X अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया। इसके बावजूद नया अकाउंट बनते ही फॉलोअर्स की संख्या फिर से तेजी से बढ़ रही है।
पूरा मामला कैसे शुरू हुआ?
15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की और ‘पैरासाइट’ शब्द का इस्तेमाल किया। यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। CJI ने बाद में सफाई दी कि उनका इशारा फर्जी डिग्री वाले लोगों की ओर था, लेकिन युवाओं के गुस्से को शांत नहीं किया जा सका।
16 मई को महाराष्ट्र के 30 वर्षीय युवा अभिजीत दीपके ने X पर एक पोस्ट किया “अगर सारे कॉकरोच इकट्ठा हो जाएं तो क्या होगा?” इस पोस्ट पर युवाओं का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और इसी से कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत हुई।
अभिजीत दीपके कौन हैं?
अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) के रहने वाले हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया है। पहले आम आदमी पार्टी की कम्युनिकेशन टीम में काम कर चुके हैं। फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं। वे खुद को पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट बताते हैं।
AI का कमाल: 1 घंटे में तैयार हुई पार्टी
अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्होंने AI की मदद से बिना कोडिंग के सिर्फ एक घंटे में पार्टी की पूरी वेबसाइट, लोगो, ग्राफिक्स और एंथम तैयार कर लिया। उन्होंने कहा, ‘AI हमारा सबसे बड़ा हथियार है।’
पार्टी में शामिल होने की शर्तें
CJP ने सदस्यता के लिए व्यंग्यात्मक 4 योग्यताएं रखी हैं:
बेरोजगार होना
आलसी होना (डल रहो, पड़े रहो)
ऑनलाइन रहने की लत
प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता
CJP का मैनिफेस्टो: 5 बड़े वादे
रिटायरमेंट के बाद मुख्य न्यायाधीश या जजों को राज्यसभा या किसी सरकारी पद पर नहीं भेजा जाए।
वैध वोट डिलीट करने पर मुख्य चुनाव आयुक्त को UAPA के तहत गिरफ्तार किया जाए।
महिलाओं को 50% आरक्षण (संसद और कैबिनेट में)।
अंबानी-अडाणी जैसे बड़े मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द कर सच्चे स्वतंत्र मीडिया को जगह दी जाए।
दल बदलने वाले सांसद-विधायकों को 20 साल तक चुनाव लड़ने या सरकारी पद लेने पर रोक।
इसके अलावा पार्टी अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, परीक्षा घोटालों पर सख्ती और युवाओं को सम्मानजनक रोजगार जैसे मुद्दों पर जोर दे रही है। NEET घोटाले के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।
कितनी तेजी से बढ़ी पार्टी?
इंस्टाग्राम: 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स (BJP के आधिकारिक अकाउंट को पीछे छोड़ दिया)
X (ट्विटर): 1.99 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
मेंबरशिप: 2 लाख से 3.5 लाख लोग Google Form और वेबसाइट के जरिए जुड़ चुके
युवा कॉकरोच का कॉस्ट्यूम पहनकर सफाई अभियान, मीम्स और रील्स के जरिए अपना गुस्सा व्यक्त कर रहे हैं। कई सेलिब्रिटीज ने भी इसका समर्थन किया है।
X अकाउंट क्यों ब्लॉक हुआ?
21 मई को CJP का आधिकारिक X अकाउंट भारत में ‘Withheld’ कर दिया गया। अभिजीत दीपके ने इसे “जैसा सोचा था, वैसा ही हुआ” लिखकर शेयर किया। उन्होंने बताया कि अकाउंट हैक करने की कई कोशिशें हुई थीं। अब नया अकाउंट (@cockroachisback) बनाया गया है, जिसमें भी आधे घंटे में 17 हजार फॉलोअर्स हो गए।
पार्टी का लक्ष्य
CJP ने साफ कहा है कि वह कोई चुनाव नहीं लड़ेगी। इसका मकसद सिर्फ युवाओं की आवाज बनना और सिस्टम को आईना दिखाना है। पार्टी खुद को धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक और आलसी के रूप में पेश कर रही है। कॉकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश का प्रतीक बनकर उभरी है। यह अन्ना आंदोलन या आम आदमी पार्टी जैसा नया प्रयोग है या सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड? क्या यह स्थायी होगा या कुछ समय बाद खत्म हो जाएगा? युवा इस मूवमेंट को कितना गंभीरता से ले रहे हैं, यह आने वाला समय बताएगा।











