हज यात्रियों से मुख्यमंत्री साय ने कहा – अल्लाह से दुआ कीजियेगा, छत्तीसगढ़ खुशहाल रहे!

April 25, 2026 8:28 PM
CM Vishnu Deo Sai

रायपुर। छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों के लिए आज का दिन खास रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में हज पर जाने वाले यात्रियों को हज किट और मेडिकल किट वितरित कर उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।

मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए हज यात्रियों का सम्मान किया गया। इस वर्ष छत्तीसगढ़ से कुल 815 हज यात्री सऊदी अरब रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हज यात्रियों के स्वागत और सम्मान का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि पहली बार स्वास्थ्य विभाग द्वारा हज यात्रियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने यात्रियों से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए दुआ करने का आग्रह करते हुए उनकी यात्रा की सफलता की कामना की। मुख्यमंत्री ने हज यात्रियों से कहा कि अल्लाह से दुआ कीजियेगा, छत्तीसगढ़ और भारत खुशहाल रहे।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों को यह पावन अवसर मिलना खुशी की बात है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर प्रदेश और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने यह भी कहा कि अब हज यात्रा के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती और अधिक लोगों को यह अवसर मिल रहा है, जो प्रधानमंत्री के प्रयासों से संभव हुआ है।

छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने बताया कि हज यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।

कार्यक्रम के दौरान हज यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहली बार हज यात्रा पर जा रहे कई यात्रियों ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण अवसर बताया और देश-प्रदेश की तरक्की के लिए दुआ करने की बात कही।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज और छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी की सीईओ डॉ. खुशबू उस्मान सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आस्था, उम्मीद और दुआओं के साथ छत्तीसगढ़ के 815 हज यात्री जल्द ही सऊदी अरब की पवित्र यात्रा पर रवाना होंगे। प्रदेश सरकार की ओर से दी गई सुविधाओं और तैयारियों के बीच इस बार की हज यात्रा को लेकर यात्रियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र पर नेता प्रतिपक्ष ने क्यों कहा – CM के पास ‘अनुभवहीन सलाहकार’… दीपक बैज ने सरकार की किस मंशा पर उठाए सवाल?

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now