CM विष्णुदेव साय ने अपने काफिले से वाहन घटाने के दिए निर्देश, सरकारी वाहन अब EV में होंगे तब्दील

Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल कम इस्तेमाल करने की अपील पर अपने काफिले से वाहन घटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सरकारी वाहनों को धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) में बदलने का आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब उनके आधिकारिक दौरों के दौरान केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रियों, निगम-मंडलों के पदाधिकारियों और अन्य अधिकारियों से भी सरकारी वाहनों एवं संसाधनों का सीमित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में काम करेगी। इसके तहत सभी सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में परिवर्तित करने की दिशा में कार्रवाई शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार यह कदम ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं। यदि हर नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के आवाहन पर राज्य सरकारों ने की वाहनों के पूल में कटौती

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now