छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए 17 उम्मीदवार मैदान में, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बेटे का नाम रिजेक्ट, शैलेंद्र बंजारे और सत्येंद्र चेलक के बीच कांटे की टक्कर

Chhattisgarh Youth Congress Election

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने स्क्रूटनी के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए वैध उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। अब प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं के अनुसार मुकाबला मुख्य रूप से शैलेंद्र बंजारे और सत्येंद्र चेलक के बीच माना जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल 19 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। स्क्रूटनी के दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के पुत्र आदित्य भगत का नामांकन निरस्त कर दिया गया। बताया गया कि भारतीय युवा कांग्रेस के नियमों के अनुसार 28 मई 1990 के बाद जन्मे उम्मीदवार ही चुनाव लड़ने के पात्र हैं। आयु सीमा पूरी नहीं होने के कारण आदित्य भगत को अपात्र घोषित किया गया।

युवा कांग्रेस चुनाव में कांग्रेस के भीतर दो प्रमुख गुट आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं।

एक ओर वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व मंत्री रुद्र गुरु का खेमा है, जिसने शैलेंद्र बंजारे को मैदान में उतारा है।

भूपेश बघेल के साथ सत्येंद्र चेलक।

वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेताओं का समर्थन सत्येंद्र चेलक को मिलने की चर्चा है।

संगठन के अंदर माना जा रहा है कि अंतिम मुकाबला इन्हीं दोनों उम्मीदवारों के बीच सिमट गया है।

दीपक बैज के साथ सत्येंद्र चेलक।

युवा कांग्रेस चुनाव के तहत केवल प्रदेश अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि संगठन के अन्य पदों के लिए भी चुनाव हो रहा है। इनमें 16 प्रदेश उपाध्यक्ष, 53 प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष जैसे पद शामिल हैं। मतदान की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के अलावा विनोद कश्यप (भक्कू), भावेंद्र गंगोत्री, दीक्षा पांडे, जसमीत शर्मा (सोनू शर्मा), कपिल कांत नाग, मानव देशमुख, मृदुला भास्कर, परमीत बग्गा (हनी बग्गा), प्रशांत बोकड़े, प्रीतिका विश्वकर्मा, प्रीति वैष्णव, सागर बाघमारे, सजल चंद्राकर, शालिनी रामटेके और सोनिका पोर्ते शामिल हैं।

युवा कांग्रेस का यह चुनाव केवल संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों की परीक्षा भी माना जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष का परिणाम आने वाले समय में युवा कांग्रेस के नेतृत्व के साथ-साथ कांग्रेस की आंतरिक शक्ति संतुलन की तस्वीर भी साफ कर सकता है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories