रायपुर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले (Kulgam Terror Attack) में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद राज्य सरकार ने उनके परिजनों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
कुलगाम में आतंकवादियों के हमले में सक्ति जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने दोनों श्रमिकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इस हमले को कायरतापूर्ण और अमानवीय बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है और ऐसे कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में रहने और आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी की जाएगी, जो पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।
राज्य सरकार का कहना है कि पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ आवश्यक प्रशासनिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।









