‘बिजली बिल हाफ योजना’ की वापसी के लिए कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान, 1 अगस्त से घर-घर पहुंचेगी पार्टी, 3 को सीएम हाउस का घेराव

Bijli Bill

रायपुर। प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल (Bijli Bill) और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान छेड़ने का ऐलान किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस 1 अगस्त से बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और बिजली बिल हाफ योजना की बहाली को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। 3 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की प्रमुख मांग है कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू किया जाए, बिजली की बढ़ी हुई दरें वापस ली जाएं और स्मार्ट मीटर हटाए जाएं। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार पांच बार बिजली की दरों में वृद्धि की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

कांग्रेस के मुताबिक, अभियान की शुरुआत 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेसवार्ता के साथ होगी, जहां बिजली दरों में बढ़ोतरी का विरोध किया जाएगा। इसके बाद 2 अगस्त से पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से आवेदन भरवाएंगे, जिनमें स्मार्ट मीटर हटाने, बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू करने की मांग दर्ज कराई जाएगी। यह जनसंपर्क और हस्ताक्षर अभियान दो महीने तक चलाया जाएगा।

बैज ने बताया कि अभियान के दौरान जुटाए गए आवेदनों को पहले जिला स्तर पर बिजली विभाग के कार्यालयों में जमा कराते हुए घेराव किया जाएगा। इसके बाद सभी जिलों से प्राप्त आवेदनों और पावती के साथ प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं। उनका दावा है कि बिना उपभोक्ता की सहमति के अनुबंध भार (लोड) बढ़ाकर अतिरिक्त आर्थिक दंड भी लगाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिजली बिल बढ़ने के पीछे बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटर की कथित अधिक रीडिंग बताना बड़ा कारण है।

कांग्रेस ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इसमें बिजली की बढ़ी हुई दरें वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर से लागू करने और प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर वापस लेना शामिल है। पार्टी का कहना है कि इसी मुद्दे को लेकर वह प्रदेशभर में जनआंदोलन खड़ा करेगी।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories