रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर (CGPSC SI) भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। मेरिट सूची में ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’, ‘HE RAM’, ‘BHAKT PRAHLAD’ और ‘TUFAIL’ जैसे नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे।
कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए, वहीं आयोग और राज्य सरकार ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सभी नाम सही हैं। अभ्यर्थी खुद अपनी वीडियो जारी कर रहे हैं। कांग्रेस को इस पर माफी मांगनी चाहिए।
विवाद के बीच रायगढ़ निवासी न्यूज कुमार प्रधान सामने आए और वीडियो जारी कर बताया कि उनका नाम पूरी तरह वास्तविक है। उन्होंने कहा कि 10वीं की मार्कशीट में तकनीकी कारणों से उनका सरनेम दर्ज नहीं हो पाया था। इसके बाद 12वीं की मार्कशीट, कॉलेज और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में भी उनका नाम सिर्फ News ही दर्ज हो गया।
इसी तरह ‘He Ram’ और ‘Tufail’ नाम के अभ्यर्थियों ने भी सार्वजनिक रूप से कहा कि उनके नाम वास्तविक हैं और उन्होंने स्वयं आवेदन में यही नाम दर्ज कराया था।
4 अगस्त को जारी हुआ था रिजल्ट
CGPSC ने 4 अगस्त को 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इस परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए हैं।
प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को राज्य के सभी 33 जिलों के 183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है।
रिजल्ट जारी होने के बाद चयन सूची में शामिल कुछ नाम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। इनमें NEWS, SPACERANI और MANBAS जैसे नामों को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तंज कसते हुए लिखा कि “NEWS और SPACE RANI को सांय-सांय बधाई। सनी लियोनी को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने के बाद यह विष्णुदेव साय सरकार की अभूतपूर्व उपलब्धि है।”
प्रदेश कांग्रेस ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं।
CGPSC ने दी सफाई
विवाद बढ़ने पर CGPSC ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी भ्रामक है।
आयोग ने कहा कि NEWS, SPACERANI, HE RAM, BHAKT PRAHLAD और TUFAIL सहित सभी नाम अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन भरते समय स्वयं दर्ज किए थे। इन्हीं नामों के आधार पर प्रवेश पत्र जारी किए गए, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षा और प्रारंभिक परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। आयोग ने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस पूरे विवाद पर प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हर जगह अपने लोगों का नाम खोजने की आदत पड़ गई है।
उन्होंने कहा कि जिन नामों को लेकर कांग्रेस ने PSC पर आरोप लगाए हैं, वे सभी नाम सही हैं। संबंधित अभ्यर्थियों ने स्वयं सामने आकर अपने नामों की पुष्टि कर दी है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को अपने आरोपों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।








