छत्तीसगढ़ का सरकारी कामकाज 1 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों के भरोसे, दिसंबर में बड़ा आंदोलन तय

November 22, 2025 6:21 PM

CG NEWS: छत्तीसगढ़ में सरकारी काम अब आउटसोर्स कर्मचारियों के भरोसे ही चल रहा है। अस्पताल से लेकर बिजली कंपनी, स्कूल-छात्रावास, नगर निगम तक हर जगह ये कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। लेकिन इन एक लाख से ज्यादा युवाओं को न पूरा वेतन मिल रहा है, न पीएफ-ग्रेच्युटी, न कोई दूसरी सुविधा। ज्यादातर को 8-10 हजार रुपये महीना ही मिल पाता है, जो न्यूनतम मजदूरी से भी कम है। ये दावा है छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन का।

फेडरेशन की तरफ से ज़ारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस व्यवस्था से सरकार को हर साल 276 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो रहा है। 1 लाख कर्मचारियों के वेतन पर सालाना करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च होते हैं जिसमें 18% जीएसटी और एजेंसी का 5% कमीशन जोड़कर 276 करोड़ सीधे बर्बाद हो जाते हैं। कर्मचारी कहते हैं अगर हमें सीधे नौकरी दी जाए तो सरकार का इतना पैसा भी बचेगा और हमारा भी भला होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने 2024-2025 में कई फैसलों में साफ कहा है कि लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों को स्थायी करने से मना नहीं किया जा सकता। श्रम कानून भी सरकार के पक्ष में नहीं हैं फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। 2023 में मोदी की गारंटी में भी अनियमित कर्मचारियों के लिए कमेटी बनाने का वादा था, लेकिन बनी कमेटी में एक भी कर्मचारी प्रतिनिधि को जगह नहीं दी गई।

20-25 साल से सेवा दे रहे इन कर्मचारियों की हालत अब ‘बंधुआ मजदूर’ से भी बदतर हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिसंबर में रायपुर में बहुत बड़ा आंदोलन होगा। कर्मचारी अब चुप नहीं बैठेंगे।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now