By Election Result Live Updates : बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह से जारी है। शुरुआती रुझानों में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भाजपा की पारंपरिक बांकीपुर सीट पर मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मंजलपुर में भाजपा उम्मीदवार आराम से आगे चल रहे हैं।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर दो राउंड की गिनती के बाद प्रशांत किशोर को 3795 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 2634 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह प्रशांत किशोर 1161 वोटों से आगे चल रहे हैं। यह सीट भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की मानी जाती है। उन्होंने लगातार पांच चुनाव जीते थे, लेकिन राज्यसभा चले जाने के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था। 30 जुलाई को हुए मतदान में यहां मात्र 34.3 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी।मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी पहले राउंड में कांग्रेस के घनश्याम सिंह पर 1184 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।
गुजरात के मंजलपुर में भाजपा के सतीश पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार भिखाभाई रबारी पर करीब 9877 वोटों की भारी लीड बना ली है। दोनों सीटों पर मतगणना के कई राउंड बाकी हैं और दोपहर तक अंतिम नतीजों के आने की उम्मीद है।चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार बांकीपुर में प्रशांत किशोर, मंजलपुर और दतिया में भाजपा उम्मीदवार लीड कर रहे हैं। तीनों सीटों पर पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में मतदान प्रतिशत में काफी गिरावट दर्ज की गई। पटना में भाजपा कार्यकर्ता शुरुआती रुझानों के बावजूद अपनी जीत का जश्न मनाने की तैयारी में जुटे हैं और बड़े पैमाने पर लड्डू तैयार कराए जा रहे हैं।मतगणना एएन कॉलेज पटना, दतिया और वडोदरा के भवन्स स्कूल में हो रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पल-पल के अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहें। अंतिम परिणाम आने के साथ ही पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।











