देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंक कलां इलाके में स्थित पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट (Blast at a firecracker factory) हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आस– पास के इलाके दहल गए। टोंक कलां क्षेत्र में सुबह करीब 11:30 बजे हुए इस धमाके के बाद आग लग गई, जिससे कई लोगों के हताहत हुए हैं। वहीं अब तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है।
विस्फोट इतना व्यापक था कि शवों के टुकड़े कई मीटर दूर तक जा गिरे और कई लोग इस ब्लास्ट में घायल हो गए।घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। ने इस हादसे पर गहरा दुःख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं, साथ ही मृतकों के परिवार को 4–4 लाख रुपए की मुआवजा राशि देने की घोषणा की है।
पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुआ विस्फोट, दहला इलाका
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह 11:30 बजे देवास जिले के टोंक कलां इलाके में एक फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, इसके बाद फैक्ट्री में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद कंपनी परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया।विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतें भी हिल गईं।राहत टीम ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
फिलहाल प्रशासन ने कंपनी के नाम और धमाके के सटीक कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा पटाखा या विस्फोटक सामग्री से हुआ हो सकता है।
3 की मौत, कई घायल, कई लापता
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में हुए हादसे में धीरज, सनी और सुमित नाम के तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। शुरुआत में 8 से 10 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही थी और लगभग 25 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज जारी है।बताया जा रहा है कि तीन महिलाएं अभी भी लापता है।
राहत बचाव कार्य जारी
घटना के तत्काल बाद से ही राहत बचाव कार्य लगातार जारी है। देवास प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है। पुलिस ने कहा है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और कंपनी प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी। प्रशासन ने घायलों के इलाज को प्राथमिकता देते हुए राहत कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, हादसे की वजह और जिम्मेदारों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
घायलों को निःशुल्क इलाज, मृतकों को मुआवजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए X पर लिखा कि देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं। मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं। बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।










