नई दिल्ली। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के बीच पश्चिम बंगाल और असम के एग्जिट पोल (Exit Poll) ने सबसे ज्यादा राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है।
पश्चिम बंगाल में आए 6 एग्जिट पोल में से 5 ने भाजपा को बढ़त या बहुमत के करीब बताया है, जबकि सिर्फ 1 सर्वे में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। वहीं असम में आए सभी 8 एग्जिट पोल ने भाजपा नीत NDA की सत्ता में वापसी का दावा किया है।
294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए अलग-अलग एजेंसियों का सर्वे आया है। मैट्रिज में TMC 125-140, भाजपा 146-161, चाणक्य स्ट्रैटजी में TMC 130-140, भाजपा 150-160, पीपल्स पल्स में TMC 177-187, भाजपा 95-110, प्रजा पोल में TMC 85-110, भाजपा 178-200, पी-मार्क में TMC 118-138, भाजपा 150-175 और पोल डायरी में TMC 99-127, भाजपा 142-171 को सीटें मिलती दिख रही हैं। इन अनुमानों के अनुसार 6 में से 5 सर्वे भाजपा को सत्ता के करीब बता रहे हैं, जबकि केवल पीपल्स पल्स ने TMC की स्पष्ट वापसी का दावा किया है।
126 सीटों वाली असम विधानसभा में भाजपा गठबंधन को मजबूत स्थिति में दिखाया गया है। प्रमुख एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक, Axis My India में भाजपा 88-100, कांग्रेस 24-36, मेट्रिज में भाजपा 85-95, कांग्रेस 25-32, पीपुल्स पल्स में भाजपा 68-72, कांग्रेस 22-26, पी मार्क में भाजपा 82-94, कांग्रेस 30-40, JVC में भाजपा 88-101, कांग्रेस 23-33, चाणक्य स्ट्रैटजी में भाजपा 88-98, कांग्रेस 22-32, पोल डायरी में भाजपा 86-101, कांग्रेस 15-26 और वोट वाइब में भाजपा 90-101, कांग्रेस 23-33 को सीटें मिलती दिख रही हैं। सभी एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन बहुमत के आंकड़े के आसपास या उससे ऊपर दिख रहा है।
तमिलनाडु में अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल में मुकाबला रोचक दिखा। यहां 234 सीटों पर मुकाबला हो रहा है। JVC Exit Poll के मुताबिक डीएमके और कांग्रेस गठबंधन को 122-130, एआईएडीएमके 85 से 90 और टीवीके को 8-15 सीटें मिलेंगी।
वहीं Matrize Exit Poll ने DMK गठबंधन को 122 से 132 सीटें दी हैं, जबकि NDA को 87 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है।
केरल के विस्तृत एग्जिट पोल आंकड़े में विपक्षी गठबंधन यूडीएफ को 75 से 90 से ज्यादा सीटें जीतते दिखाया जा रहा है। वहीं, LDF को 50 से 60 के बीच सिमटते दिखाया जा रहा है।
NDTV के एग्जिट पोल के मुताबिक 30 सीटों वाली पुडुचेरी विधानसभा में NDA गठबंधन को 16 से 20 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 6 से 8 सीटों का अनुमान है। Axis My India ने भी NDA को 40% वोट शेयर के साथ बढ़त में बताया है।
हालांकि एग्जिट पोल शुरुआती रुझान भर होते हैं। कई बार ये अनुमान गलत भी साबित हुए हैं। इसलिए सभी की नजरें अब 4 मई की मतगणना पर टिकी हैं, जब तय होगा कि किस राज्य में किसकी सरकार बनेगी।











