यूपी में 100 से कम सीटें कांग्रेस को कतई मंजूर नहीं, सपा के साथ उलझा सीट शेयरिंग का मुद्दा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरशोर से चल रही है। सत्ता पक्ष अपनी तैयारियों में लगा है तो वहीं विपक्ष के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति अभी नहीं बन सकी है। हालांकि सहमति बनाने को लेकर कोशिशें दोनों दलों की ओर से की जा रही हैं।

इस बीच मंगलवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर एक अहम बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर होनी है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि यह बैठक स्थगित कर दी गई है, लेकिन इसके बारे में कोई औपचारिक घोषणा खबर लिखे जाने तक नहीं की गई थी।

खड़गे की मौजूदगी में कांग्रेस की मीटिंग

यूपी चुनाव को लेकर सोमवार को भी खड़गे की अध्यक्षता में यूपी कांग्रेस के नेताओं के साथ एक अहम बैठक हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों, सीटों के बंटवारे और चुनाव प्रचार अभियान पर चर्चा की गई। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत यूपी कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस मीटिंग में चुनाव प्रबंधन को मजबूत करने के लिए कई संगठनात्मक कमेटियां बनाने पर चर्चा हुई।

181 सीटों पर लड़ना चाहती है कांग्रेस

यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर विवाद यही है कि कांग्रेस 181 सीटों पर लड़ना चाहती है जबकि समाजवादी पार्टी इतनी सीटें देने के पक्ष में नहीं है। सपा की ओर से इस बात की चर्चा है कि वह कांग्रेस को 100 से नीचे सीटें ऑफर करने के मूड में है। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों सहयोगी दलों के बीच मंगलवार को पहली औपचारिक बैठक होने की संभावना है जो मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हो सकती है। कांग्रेस ने जिन 181 सीटों की मांग समाजवादी पार्टी से की है उसकी लिस्ट सार्वजनिक भी हो गई थी जिसको लेकर अखिलेश यादव ने नाराजगी भी जाहिर की थी।

100 से कम सीटों पर समझौता नहीं करेगी कांग्रेस

पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस को 181 सीटें देने के पक्ष में नहीं है। वहीं, कांग्रेस के एक अन्य नेता ने साफ-साफ कहा है कि पार्टी 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और 100 से कम सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस का मानना है कि यूपी में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां कांग्रेस-SP गठबंधन के अनुकूल हैं। इसलिए पार्टी सीटों के बंटवारे में अपनी मजबूत हिस्सेदारी चाहती है।

रायबरेली-अमेठी की सभी सीटों पर कांग्रेस की नजर

सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस की नजर अपने पारंपरिक गढ़ रायबरेली और अमेठी के अलावा उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी है, जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस रायबरेली और अमेठी की सभी 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इन 10 सीटों में से 2022 के विधानसभा चुनाव में चार पर समाजवादी पार्टी, पांच पर बीजेपी और एक पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी। इसके अलावा कांग्रेस सहारनपुर देहात, बेहट, निजामाबाद और मुरादाबाद जैसे क्षेत्रों की सीटों पर भी दावा कर सकती है, जहां फिलहाल सपा का कब्जा है।

उत्तराखंड में गठबंधन की संभावनाएं तलाश रही सपा

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच चर्चा उत्तराखंड के चुनाव को लेकर भी है। ऐसी चर्चा है कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के चुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ना चाहती है। सपा नेताओं ने फिलहाल दोनों राज्यों के चुनावों को एक ही गठबंधन समझौते से जोड़ने से परहेज किया है। पार्टी ने उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में से 15 सीटों की पहचान की है, जहां वह चुनाव लड़ने की संभावना तलाश रही है। इनमें ज्यादातर सीटें देहरादून और हरिद्वार के मैदानी इलाकों में हैं।

सपा ने उत्तराखंड में 15 सीटों का किया है चयन

उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि 15 सीटों की सूची अखिलेश यादव को भेजी जाएगी। इसके बाद अखिलेश यादव तय करेंगे कि पार्टी इन सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी या कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए बातचीत करेगी। सपा प्रवक्ता और उत्तराखंड प्रभारी राजेंद्र चौधरी ने भी कहा कि पार्टी राज्य में चुनाव लड़ेगी। गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला अखिलेश यादव ही करेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now