नेशनल ब्यूरो | नई दिल्ली
सम्राट चौधरी बिहार के अगले सीएम होंगे, नीतीश कुमार ने इस्तीफा देने के बाद बिहार में नई सरकार बनने का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया। इसी के साथ राज्यपाल ने नई व्यवस्था होने तक नीतीश कुमार को कार्यकारी व्यवस्था के तहत सीएम बने रहने को कहा है। शपथग्रहण कल होगा।
नीतीश कुमार के साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी गाड़ी में बैठे नजर आए। नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी एक साथ गाड़ी में बैठे थे। गाड़ी में आगे की सीट पर विजय कुमार चौधरी बैठे हुए थे। नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ ही बिहार में बीजेपी के पहले सीएम का भी रास्ता साफ हो गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। नीतीश कुमार ने कहा कि अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं।
सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।
इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ तथा शुभकामनाएं देता हूँ।’
अब गुजरात से चलेगी बिहार की सत्ता: तेजस्वी यादव

बिहार में बदलते राजनीतिक घटनाक्रम पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब बिहार की सत्ता की कमान गुजरात से चलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने उसी विचारधारा की पार्टी को बिहार में जड़ें जमाने का पूरा मौका दे दिया है, जिसके खिलाफ वे खुद लंबे समय तक आवाज उठाते रहे थे।
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार महात्मा गांधी का नाम लेते नहीं थकते थे, लेकिन आज वे नाथूराम गोडसे की विचारधारा वाली पार्टी को मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया था, आज उसी को तरजीह दी जा रही है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने व्यंग्य किया कि ये नेता तो लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक पाठशाला से निकले हैं और राजद ने ही उन्हें राजनीति में आगे बढ़ाया था। उन्होंने तंज कसा कि भाजपा अब उन्हीं नेताओं को आगे बढ़ा रही है जिनकी जड़ें राजद से जुड़ी रही हैं और जो लालू यादव के करीबी रहे हैं।
तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार में जो भी नई सरकार बनेगी, उसका मुख्यमंत्री जनता द्वारा सीधे चुना हुआ नहीं होगा। अब फैसले गुजरात से होंगे और बिहार को उसी के अनुसार चलना होगा।









