जयपुर में स्कूल निरीक्षण को गए CJP प्रवक्ता और समर्थकों पर हमला, पथराव कर खदेड़ा

जयपुर। जयपुर के बगरू इलाके के रामपुरा कंवरपुरा गांव में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके समर्थकों पर हमला हुआ। टीम राजकीय प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी। ग्रामीणों ने उनका विरोध किया, धक्का-मुक्की और पथराव कर उन्हें गांव से बाहर खदेड़ दिया।

आशुतोष रांका का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उन्होंने बताया कि गाड़ियों के शीशे तोड़े गए, मोबाइल क्षतिग्रस्त हुए, एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हो गया और महिला समर्थकों पर मिट्टी फेंकी गई। रांका ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर आरोप लगाते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने हमलावरों की गिरफ्तारी और स्कूल निरीक्षण पर रोक हटाने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि CJP के लोग सुबह गांव पहुंचे थे। उन्होंने उनसे गांव न आने का निवेदन किया क्योंकि स्कूल की समस्या वे खुद और सरकार के स्तर पर हल करना चाहते हैं। बाद में कुछ लोग महिलाओं के साथ गांव में घुसने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद बहस धक्का-मुक्की में बदल गई। ग्रामीणों ने दावा किया कि किसी महिला के साथ बदसलूकी नहीं हुई और उन्होंने टीम को गांव से बाहर कर दिया।

गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। बच्चों को करीब 50 मीटर दूर टीनशेड के नीचे पढ़ाया जा रहा है, जहां पास में पशुओं का चारा भी रखा है। ग्रामीण स्कूल की खराब स्थिति से नाराज हैं लेकिन राजनीतिक दखल का विरोध कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बयानों के बीच पुलिस की मौजूदगी न होने के आरोप भी लगे हैं। घटना की जांच अभी बाकी है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now