रायपुर। छत्तीसगढ़ में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी समीर बिश्नोई (IAS Sameer Vishnoi) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। EOW ने उनकी कथित बेनामी संपत्तियों को अटैच कर दिया है।
EOW की विशेष अदालत के आदेश के बाद समीर विश्नोई और उनकी पत्नी प्रीति बिश्नोई के नाम पर खरीदी गई करीब 15 से 20 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह संपत्तियां अवैध आय से अर्जित की गई बताई जा रही हैं।
जांच में सामने आया है कि प्रीति विश्नोई के नाम पर 3 से 4 फर्म बनाकर कथित अवैध राशि का निवेश किया गया था। इन फर्मों के जरिए जमीन और अन्य संपत्तियां खरीदी गईं। जांच एजेंसियों का कहना है कि कई संपत्तियां रिश्तेदारों और परिजनों के नाम पर भी ली गई थीं।
एजेंसी की जांच में सामने आई संपत्तियों में महासमुंद जिले में करीब 22 एकड़ जमीन, नवा रायपुर में जमीन, गायत्री नगर में मकान, अन्य चल-अचल संपत्तियां और निवेश शामिल हैं। इन सभी संपत्तियों को विशेष अदालत के आदेश के बाद अटैच कर दिया गया है।
समीर विश्नोई का नाम छत्तीसगढ़ में चर्चित कोयला लेवी घोटाले में भी सामने आया था। उस मामले में ED ने सबसे पहले कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद में राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था। उस समय वे उद्योग विभाग में महत्वपूर्ण पद पर पदस्थ थे।
EOW का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच अभी जारी है और आगे भी नई संपत्तियों की जानकारी मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है।








