गुवाहाटी। Assam Assembly Elections 2026: असम में 9 अप्रैल को एक ही चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को अपने 88 उम्मीदवारों की पहली और लगभग पूरी सूची जारी कर दी है। पार्टी कुल 89 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी, जबकि एक सीट पर नाम अभी रोका गया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा अपनी पुरानी और मजबूत सीट जालुकबारी से ही मैदान में उतरेंगे।
सूची में एक बड़ा सरप्राइज यह है कि कांग्रेस से इस्तीफा देने के ठीक एक दिन बाद लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई को भाजपा में शामिल कर प्रतिष्ठित दिसपुर सीट से टिकट दे दिया गया है। बोरदोलोई ने मंगलवार को कांग्रेस छोड़ी और बुधवार को ही मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की मौजूदगी में दिल्ली में पार्टी जॉइन की। कई वरिष्ठ विधायकों को फिर से मौका मिला है, साथ ही कुछ नए और युवा चेहरों को भी जगह दी गई है।
प्रमुख उम्मीदवारों में गोलकगंज से अश्विनी राय सरकार, धुबरी क्षेत्र से संबंधित उत्तम प्रसाद, बिरसिंग जारुआ से माधवी दास और रामकृष्ण नगर से बिजॉय मालाकार जैसे नाम शामिल हैं। भाजपा ने एनडीए सहयोगियों को सीटें शेयर करते हुए असम गण परिषद (एजीपी) को 26 और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 11 सीटें छोड़ दी हैं। राज्य की कुल 126 सीटों में से भाजपा 89 पर लड़ेगी।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने नितिन गडकरी की अध्यक्षता में बैठक के बाद यह फैसला लिया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख नजदीक होने के साथ यह घोषणा पार्टी की तैयारियों को तेज कर देगी।
कांग्रेस, एआईयूडीएफ ने चरणबद्ध तरीके से जारी किया टिकट
असम विधानसभा चुनाव के लिए जबकि भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची एक साथ जारी कर सभी को चौंकाया, अन्य प्रमुख दलों ने अभी तक चरणबद्ध तरीके से नाम घोषित किए हैं और पूरी सूची अभी बाकी है। कांग्रेस ने अब तक दो सूचियां निकालकर कुल 65 उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। पार्टी की दूसरी सूची में 23 नाम शामिल थे, जिसमें अब्दुल खालेक, रकिबुद्दीन अहमद और देवीद फुकन जैसे नेता शामिल हैं। कांग्रेस ने 15 सीटें अपने क्षेत्रीय सहयोगियों के लिए भी छोड़ दी हैं।
अखिल भारतीय यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने भी दो चरणों में अपनी सूची जारी की है। पहली सूची में 9 नाम थे (मार्च की शुरुआत में), जबकि हाल ही में दूसरी सूची में 12 और नाम जोड़े गए। पार्टी अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल बिन्नाकांडी से लड़ेंगे। असम जतिया परिषद (कांग्रेस सहयोगी) ने भी अपनी पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई खोवांग से चुनाव लड़ रहे हैं।
एजीपी और बीपीएफ ने अभी अपनी उम्मीदवार सूची नहीं निकाली है। दोनों दल सीट शेयरिंग के तहत 26 और 11 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही होने की संभावना है। नामांकन की आखिरी तारीख 23 मार्च तक है।











