नेशनल ब्यूरो,नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार की रात एक महिला के साथ स्टेशनरी स्लीपर बस के अंदर गैंगरेप की घटना सामने आई है। पुलिस ने आज मामले में दो आरोपियों बस ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि बस के अंदर दो लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। यह घटना दिल्ली के रानी बाग इलाके में सोमवार रात हुई।
पीड़िता पितमपुरा के एक झुग्गी क्लस्टर की रहने वाली है और मंगोलपुरी में एक फैक्ट्री में काम करती है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल बस को जब्त कर लिया गया है। अधिकारी कहते हैं कि जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि 1 मई की रात, काम से घर लौटते समय महिला सरस्वती विहार के बस स्टॉप पर खड़ी थी। एक स्लीपर बस रुकी। महिला ने बस के दरवाजे पर खड़े एक व्यक्ति से समय पूछा, इसके बाद उसे जबरन बस में घसीट लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बस को नांगलोई की ओर ले जाकर वहां महिला के साथ बलात्कार किया।
पीड़िता शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। मेडिकल जांच के बाद FIR दर्ज की गई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। AAP ने इसे निर्भया कांड की पुनरावृत्ति बताया और कहा कि दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह चरमरा गई है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने X पर लिखा ‘दिल्ली में एक और निर्भया कांड! लड़कियां स्कूलों में सुरक्षित नहीं, बसों में सुरक्षित नहीं!’ दिल्ली AAP प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने लिखा: ‘बड़ी शर्म की बात है। दिल्ली में निर्भया दोहराया गया। 30 वर्षीय महिला को रात में समय पूछने के बहाने बस में बिठाया गया और फिर कई लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया।










