लेंस डेस्क । तमिलनाडु (Tamil Nadu)के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी सब-जेल से सोमवार देर रात एक बड़ी घटना घटी। एक ही सेल में बंद 17 विचाराधीन कैदियों ने जेलकर्मियों पर हमला कर फरार होने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस के अनुसार, कैदियों ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथी की तबीयत खराब होने और मिर्गी के दौरे का नाटक किया। जब कर्मचारी मदद के लिए सेल में पहुंचे, तो उन पर अचानक हमला बोल दिया गया और कैदी भाग निकले।
इस घटना में ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं। घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि सभी 17 कैदी एक ही सेल में थे। घटना के तुरंत बाद रात भर तलाशी अभियान चलाया गया।
अब तक चार फरार कैदियों प्रवीण, सिलंबरसन, राजकुमार और राजा सिकंदर—को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी 13 कैदियों की तलाश के लिए 17 विशेष टीमें गठित की गई हैं। पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 जगहों पर चेकपोस्ट लगाए गए हैं। मदुरै, थेनी और केरल के इडुक्की जिले में भी हाई अलर्ट जारी है। वाहनों की सघन जांच जारी है।
यह घटना 1995 के बाद तमिलनाडु में कैदियों के फरार होने की दूसरी बड़ी वारदात मानी जा रही है। उस समय वेल्लोर किले से 43 संदिग्ध फरार हो गए थे। पुलिस प्रशासन ने जेल सुरक्षा में हुई लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। फरार कैदियों को जल्द से जल्द पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।









