लेंस डेस्क। महाराष्ट्र के बारामती जिले से बड़ा हादसा हो गया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार का निधन विमान क्रैश में हो गया।
जानकारी के अनुसार, अजित पवार आज बारामती में एक सभा को संबोधित करने वाले थे। विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस विमान में पवार सहित कुल पांच लोग दो पायलट/क्रू सदस्य और अजित पवार के दो सहयोगी सवार थे।
अजित पवार सुबह रवाना हुए थे। विमान मुंबई से सुबह करीब 8:10 बजे उड़ा और लगभग 8:45 बजे रडार से गायब हो गया।
बारामती एयरपोर्ट के पास लैंडिंग के दौरान विमान नियंत्रण से बाहर होकर खुले मैदान में गिर गया और आग लग गई।
पुणे ग्रामीण के एसपी ने इसकी पुष्टि की है और घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 8:45-8:48 बजे विमान के लैंडिंग के समय हुआ, जब यह मुंबई से बारामती की ओर जा रहा था।
यह एक चार्टर विमान (रजिस्ट्रेशन VT-SSK, Learjet 45 मॉडल) था। अजित पवार जिला परिषद चुनावों के प्रचार के सिलसिले में बारामती जा रहे थे, जहां वे कई सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने वाले थे।
लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसल गया और क्रैश हो गया, जिसके बाद ईंधन टैंक में विस्फोट हुआ।अजित पवार 66 वर्ष के थे और पिछले चार दशकों से महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय रहे।










