जर्मनी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट ने भेजा था हाइजैक अलर्ट सिग्नल

जयपुर। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की बुधवार सुबह जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पायलट ने हाइजैक का संकेत देने वाला स्क्वॉक कोड 7500 भेजा था। इसके बाद विमान को दिल्ली की बजाय जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।

विमान ने मंगलवार रात करीब 9:45 से 10:45 बजे के बीच फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। इसे बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचना था। सुबह करीब 9 बजे जब विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के पास था, तब अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को कुछ सेकंड के लिए स्क्वॉक कोड 7500 का सिग्नल मिला।

विमानन क्षेत्र में स्क्वॉक 7500 का मतलब है हाइजैक या विमान पर अवैध कब्जे की स्थिति। इस अलर्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचना दी गई। करीब 9:10 बजे विमान का रूट बदलकर जयपुर भेज दिया गया। सुबह करीब 9:45 बजे विमान ने जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद इसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया।

विमान उतरते ही सीआईएसएफ, जयपुर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंच गईं। राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी एयरपोर्ट पहुंचे। गृह मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लिया है। दिल्ली में एनएसजी कमांडो टीम को स्टैंडबाय पर रखा गया है। टीम जल्द जयपुर पहुंच सकती है।

सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में यात्रियों को विमान से उतारा गया और टर्मिनल में बैठाया गया। विमान और सामान की जांच चल रही है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद अभी तक कोई संदिग्ध गतिविधि या असली खतरा नहीं मिला है। आधिकारिक तौर एयर इंडिया और प्रशासन की ओर से विस्तृत बयान अभी आना बाकी है। फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के अनुसार विमान सामान्य रूप से उड़ान भर रहा था, लेकिन अलर्ट मिलते ही प्रोटोकॉल के तहत तुरंत कार्रवाई की गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories