नई दिल्ली। पंजाब नगर निकाय चुनाव (Punjab Local Body Elections) के नतीजे आज आने लगे है। अब तक मिले परिणामों में आम आदमी पार्टी की आंधी चल रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार पंजाब में ‘आप’ को 600 से ज्यादा सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस 215 और अकाली दल 175 पर विजयी हुए हैं। BJP को 52 सीटें मिली हैं। सबसे चौंकाने वाला नतीजा चमकौर साहब से मिला है। पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी के क्षेत्र में 13 में से 11सीट कांग्रेस ने और दो सीट आप ने जीती है।
इनमें 8 नगर निगम, 75 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतें शामिल हैं। सुबह 8 बजे से पंजाब के 115 काउंटिंग सेंटरों पर मतगणना शुरू हुई, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इन निकाय चुनावों को सिर्फ स्थानीय सत्ता का मुकाबला नहीं, बल्कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के लिए यह अपनी सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर हासिल करने का मौका है। वहीं कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं।
कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है और नतीजों से राज्य की भविष्य की राजनीतिक दिशा तय होने के संकेत मिल सकते हैं। ऐसे में पूरे पंजाब की नजरें आज आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।











