डीएड अभ्यर्थियों का अनोखा प्रदर्शन, दंडवत प्रणाम करते हुए नियुक्ति की मांग लेकर विधानसभा घेरने निकले

Ded Candidate

रायपुर। सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों (Ded Candidate) का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अभ्यर्थियों के आमरण अनशन का शनिवार को 81वां दिन रहा।

जानकारी के अनुसार डीएड अभ्यर्थी न्याय की मांग को लेकर दण्डवत प्रणाम करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से छत्तीसगढ़ विधानसभा घेराव के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें आधे रास्ते में ही रोक दिया। मौके पर मौजूद एसडीएम ने अभ्यर्थियों को बताया कि वे बॉन्ड भरकर अनशन पर बैठे हुए हैं, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। साथ ही आगे बढ़ने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

गौरतलब है कि डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नया रायपुर के तूता माना धरना स्थल परअनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर उन्हें नियुक्ति दी जाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को और छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने 2 अप्रैल 2024 तथा 26 सितंबर 2025 को स्पष्ट आदेश दिया था कि 2621 बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के स्थान पर डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए।

आरोप है कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण आज भी बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं। विभाग ने 2621 पदों पर कॉमन मेरिट लिस्ट के आधार पर बिना दस्तावेज सत्यापन के ही स्कूल अलॉटमेंट कर दिया, जिसके कारण कई अपात्र अभ्यर्थियों को भी स्कूल आवंटित हो गया।

इसके चलते केवल 1299 पात्र डीएड अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिल पाई, जबकि 1300 से अधिक पात्र अभ्यर्थी अब भी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे न्यायालय के आदेश के पालन की मांग को लेकर 81 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं और सरकार से जल्द से जल्द सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी, बड़ी कार्रवाई करते हुए 741 सिलेंडर जब्त

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories