दिल्ली के स्वरूप नगर में गोदाम में भीषण आग, घबराकर छलांग लगाने से छह घायल

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली (Delhi) के स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में रविवार सुबह अचानक एक गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग इतनी तेज हो गई कि बिल्डिंग का ग्राउंड और पहली मंजिल धुएं और लपटों से भर गया। आग देखकर आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पास की इमारत में रहने वाले कुछ लोग जान बचाने के लिए घबराकर नीचे कूद गए, जिसमें छह लोग घायल हो गए।

15 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

दमकल विभाग को सुबह करीब 11:05 बजे आग की सूचना मिली। शुरुआत में कुछ गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग तेजी से फैलती देख और वाहन बुलाए गए। करीब 11:30 बजे तक 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी थीं। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने करीब 1:50 बजे आग पर काबू पा लिया।

छलांग लगाने से छह लोग घायल

पुलिस के मुताबिक, आग में कोई व्यक्ति सीधे नहीं झुलसा। घबराहट में इमारत से छलांग लगाने के कारण प्रियंका (28), उनकी बेटियां वंशिका (8) और वानी (5), संतोष (33), उनकी बेटी तन्वी (8) और विजय घायल हुए। पांच लोगों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल और एक को सरकारी अस्पताल बुराड़ी ले जाया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाले परिसर में लगी आग

पुलिस के अनुसार, खसरा नंबर 357/58 स्थित परिसर में जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम होता है। दमकल विभाग ने बताया कि आग रेक्सिन की कतरन और कपास की वेबिंग के गोदाम में लगी थी। परिसर में बेसमेंट, ग्राउंड, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर टिन शेड बना था। आग कैसे लगी, फिलहाल इसकी जांच की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now