नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले अरुण जेटली स्टेडियम में पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ बजाया गया। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित इस गीत के सभी छह छंद बजाए गए। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ हुआ। राष्ट्रीय गीत की अवधि 3 मिनट 10 सेकंड और राष्ट्रगान की अवधि 52 सेकंड रही। दोनों को मिलाकर करीब 4 मिनट 2 सेकंड का समय लगा।
यह आयोजन केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश के तहत हुआ। मंत्रालय ने 6 फरवरी को ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने के कार्यक्रमों को लेकर दिशानिर्देश जारी किए थे। इनमें 3 मिनट 10 सेकंड की आधिकारिक धुन के साथ गीत प्रस्तुत करने और इसके दौरान मौजूद लोगों के सावधान की मुद्रा में खड़े रहने की बात कही गई थी। दिशानिर्देशों में राष्ट्रपति या राज्यपाल की मौजूदगी वाले औपचारिक सरकारी कार्यक्रमों, राष्ट्रीय ध्वज के परेड में आने और कुछ अन्य अवसरों पर ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंद बजाने की अनुमति भी दी गई है।
भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए महिला एशिया कप के मुकाबले में ‘वंदे मातरम्’ नहीं बजाया गया था। ऐसे में भारत-अफगानिस्तान के पुरुष मुकाबले में राष्ट्रगीत के पूरे छह छंद बजाए जाने की चर्चा हुई।










