बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि में कथित घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रिटायर्ड IAS अधिकारी अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। बुधवार को जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री प्रथम दृष्टया टुटेजा की संलिप्तता की ओर इशारा करती है। वह मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) की धारा 45 के तहत जमानत के लिए जरूरी शर्तों को भी पूरा नहीं कर सके हैं।
ठेकों में 20 से 50 फीसदी कमीशन का आरोप
DMF की राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर ACB, EOW और स्थानीय पुलिस द्वारा दर्ज FIR के आधार पर ED ने मार्च 2023 में ECIR दर्ज की थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के जरिए बड़ी रकम का हेरफेर किया गया। बिचौलियों के माध्यम से कारोबारियों को 20 से 50 फीसदी कमीशन के बदले सप्लाई और काम के ठेके दिलाए जाते थे।
ED के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2022 के बीच उद्योग विभाग में संयुक्त सचिव रहते हुए टुटेजा ने जिला खनिज न्यास के कामकाज में हस्तक्षेप किया। उन पर जिला कलेक्टरों को प्रभावित कर अपने करीबियों को ठेका दिलाने और बदले में कमीशन लेने का आरोप है।
वॉट्सऐप चैट और 47 करोड़ के भुगतान का जिक्र
ED ने टुटेजा के जब्त मोबाइल फोन से मिली वॉट्सऐप चैट को भी कोर्ट के सामने रखा। एजेंसी के मुताबिक, इनमें कम से कम 30 फीसदी काम दिलाने, बीज निगम से चार करोड़ रुपये जल्द जारी कराने, अधिकारियों की पोस्टिंग और कीटनाशकों के टेंडर को प्रभावित करने से जुड़ी बातचीत मिली है। सह आरोपी मंदीप चावला के बयानों से भी इसकी पुष्टि होने का दावा किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच मां गंगा एंटरप्राइजेज और यश एंटरप्राइजेज को करीब 47.17 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। ED का आरोप है कि इसमें टुटेजा की भूमिका थी। इसके अलावा सतपाल सिंह चाबड़ा के जरिए एक करोड़ रुपये लेने और सह आरोपी IAS अधिकारी रानू साहू के लिए रिश्वत की रकम वसूलने का भी आरोप है।
बचाव पक्ष ने ED की कार्रवाई पर उठाए सवाल
टुटेजा के वकील ने दलील दी कि उनकी पदस्थापना कभी ऐसे विभाग में नहीं रही, जिसके पास DMF की राशि खर्च करने का अधिकार था। शुरुआती ECIR और अभियोजन शिकायत में भी उनका नाम नहीं था। उन्हें सह आरोपियों के बयानों के आधार पर मामले में शामिल किया गया है।
बचाव पक्ष ने आरोप लगाया कि अन्य मामलों में 25 महीने जेल में रहने के बाद टुटेजा की रिहाई हुई तो ED ने पुराने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। वकील ने सुप्रीम कोर्ट से जमानत हासिल कर चुके सह आरोपियों के आधार पर भी राहत देने की मांग की।
हाईकोर्ट ने नहीं मानी बचाव पक्ष की दलील
कोर्ट ने कहा कि DMF का संबंध उन क्षेत्रों से है, जहां उद्योगों द्वारा खनन गतिविधियां संचालित की जाती हैं। ऐसे में उद्योग विभाग में पदस्थ रहते हुए टुटेजा द्वारा अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
हाईकोर्ट ने अपराध की गंभीरता और गवाहों को प्रभावित करने की संभावना पर भी गौर किया। कोर्ट के मुताबिक, जिन सह आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है, वे लंबे समय तक न्यायिक हिरासत में रहे थे। अलग-अलग अपराधों से जुड़े मामलों में जेल में बिताई गई अवधि को अग्रिम जमानत का आधार नहीं बनाया जा सकता।
सुनवाई के दौरान सितंबर 2025 में नागरिक आपूर्ति निगम (नान) घोटाले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा टुटेजा की अग्रिम जमानत रद्द किए जाने का भी जिक्र हुआ।
हालांकि, हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि आदेश में की गई टिप्पणियां सिर्फ जमानत याचिका की सुनवाई तक सीमित हैं। मामले की मुख्य सुनवाई के दौरान ट्रायल कोर्ट के फैसले पर इनका कोई असर नहीं पड़ेगा।










