लेंस डेस्क। कनाडा के हैमिल्टन शहर में स्थित गुरुद्वारा शहीदगढ़ साहिब में दो गुटों के बीच भारी झड़प हो गई। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की, थप्पड़बाजी और गले पकड़ने की घटनाएं हुईं। इस दौरान कई लोगों की पगड़ियां भी उतर गईं। घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें लोग एक-दूसरे का गला पकड़ते, थप्पड़ मारते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। गुरुद्वारे के बाबा तजिंदर सिंह ने इस घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि गुरु घर के अंदर ही जूते-चप्पल चलने जैसे हालात बन गए, जो सिख मर्यादा के खिलाफ हैं।
झड़प की तीन बड़ी वजहें
स्थानीय पंजाबी समुदाय के अनुसार, इस विवाद के पीछे तीन मुख्य कारण हैं:
- प्रबंधक कमेटी पर नियंत्रण : गुरुद्वारे के संचालन और प्रबंधन पर किस गुट का कब्जा रहेगा, इसे लेकर दोनों पक्षों में मतभेद चल रहा था।
- गोलक का हिसाब-किताब : संगत द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे के इस्तेमाल तथा उसके प्रबंधन को लेकर आरोप-प्रत्यारोप हो रहे थे।
- चौधराहट की लड़ाई: प्रशासनिक फैसलों और अधिकारों पर अपना प्रभाव बनाए रखने की कोशिश के चलते तनाव बढ़ गया।
दो दिन पहले किचनर में भी प्रबंधक कमेटियों के बीच विवाद हो चुका था।
श्रद्धालुओं ने जताया विरोध
हैमिल्टन के सिख श्रद्धालुओं ने इस घटना पर गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग और कमेटी के जिम्मेदार लोग ही गुरु घर की मर्यादा को ठेस पहुंचा रहे हैं। दान-चढ़ावा इकट्ठा करने के समय आम संगत को आगे रखा जाता है, लेकिन बड़े फैसलों में उनकी कोई भागीदारी नहीं होती।
श्रद्धालुओं ने कमेटियों से अपील की कि वे गुरु साहिबान के भाईचारे और मिल-बांटकर चलने के सिद्धांतों को याद रखें। धार्मिक स्थलों को व्यक्तिगत अहंकार और राजनीति का अखाड़ा न बनाया जाए। इससे पूरे सिख समुदाय की छवि खराब हो रही है। झड़प के बाद कनाडा पुलिस द्वारा कोई एफआईआर दर्ज होने या गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना अभी तक सामने नहीं आई है। किसी के घायल होने की भी पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी हो चुका है हंगामा
इससे पहले 20 अक्टूबर 2026 को मिसिसॉगा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा माल्टन साहिब में भी एक महिला ने हंगामा किया था। चौपई साहिब के पाठ के दौरान वह श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पास पहुंच गई थी। बेअदबी के डर से संगत ने उसे तुरंत हटाया। इसके बाद महिला ने वहां ड्रामा किया और फर्श पर लेट गई।










