छत्तीसगढ़ में ACB का एक्शन, वाहन छोड़ने के बदले डेढ़ लाख मांगने वाली GST असिस्टेंट कमिश्नर रंगे हाथ पकड़ी गई, बिचौलिया CA भी गिरफ्तार

द लेंस । छत्तीसगढ़ के कांकेर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। ACB की जगदलपुर और रायपुर की संयुक्त टीम ने स्टेट GST विभाग में पदस्थ असिस्टेंट कमिश्नर अंचल गिरी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए उनके निवास पर रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले बिचौलिये के तौर पर चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है। ACB ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूरा मामला ई-वे बिल से जुड़े एक वाहन को लेकर है। शिकायतकर्ता कांकेर निवासी स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज हैं। उनका कहना है कि 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से भरी गाड़ी को ई-वे बिल के मामले में रोक दिया गया था। कारोबारी के मुताबिक गाड़ी में लदे माल की कीमत करीब तीन लाख रुपये थी और उसके पास बिल भी मौजूद था। इसके बावजूद GST अधिकारी की ओर से वाहन पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने और वाहन जब्त करने की चेतावनी देने का आरोप है। कारोबारी का कहना है कि मामला निपटाने और वाहन छुड़ाने के लिए पहले दो लाख रुपये की मांग की गई, जो बाद में डेढ़ लाख रुपये पर आकर तय हुई। इसमें 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में काटने और बाकी एक लाख रुपये अधिकारी तक पहुंचाने की बात कही गई।

शोएब रंगरेज रिश्वत नहीं देना चाहते थे। उन्होंने इसकी शिकायत ACB से कर दी और अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाने में सहयोग किया। ACB ने पहले शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने के तथ्य सही पाए गए, जिसके बाद 21 नवंबर को ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के तहत कारोबारी रिश्वत की रकम लेकर अधिकारी के घर पहुंचा। जैसे ही रकम छोड़ी गई, पहले से तैयार ACB की टीम ने मकान पर दबिश दे दी। ACB के मुताबिक रिश्वत की यह रकम अधिकारी ने बिचौलिये इमरान मेमन के माध्यम से प्राप्त की थी। इमरान मेमन 30 साल का है और कांकेर के संजय नगर का रहने वाला है।

ट्रैप के बाद ACB ने अधिकारी के निवास पर तलाशी भी शुरू की। यह तलाशी आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में की जा रही है। टीम घर में मौजूद संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

ACB के मुताबिक, अंचल गिरी और इमरान मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 और 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के पहलू पर भी नियमानुसार अलग से जांच चल रही है। ACB ने कहा है कि प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही रिश्वत और संपत्ति से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

इस कार्रवाई के बाद कांकेर के प्रशासनिक और विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के आदर्श नगर से जुड़ा बताया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now