रायपुर। रायपुर (Raipur) में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के मामले ने अब बड़े तस्करी नेटवर्क का रूप ले लिया है। जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, पिछले 11 महीनों में 26 से ज्यादा नवजात बच्चों का कथित सौदा किया गया। लड़कियों की कीमत पांच लाख रुपये, जबकि लड़कों की कीमत 10 से 12 लाख रुपये तक रखी जाती थी। इस नेटवर्क के तार आठ राज्यों तक जुड़े होने की बात सामने आई है।
मामले की शुरुआत ओडिशा की एक महिला की शिकायत से हुई थी। उसे मुफ्त प्रसव का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया और बच्चे के जन्म के बाद उसे बेचने का दबाव बनाया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया।
तीन बच्चों का जन्म, 26 के बनाए प्रमाणपत्र
जांच में गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल की भूमिका सामने आई है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में सिर्फ तीन बच्चों की डिलीवरी हुई, लेकिन 26 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार किए गए। आरोप है कि इन दस्तावेजों के जरिए बच्चों की पहचान बदलकर उन्हें दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉ. खिर सिंधु महानंद को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में डॉक्टरों, दलालों, केयरटेकर और नगर निगम कर्मचारियों की कथित मिलीभगत भी सामने आई है।
जांच में यह भी पता चला है कि बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों से उनकी जाति और धर्म पूछा जाता था। नेटवर्क बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद और नागपुर जैसे शहरों तक सक्रिय होने का संदेह है।
IPS मानसी साकोरे के नेतृत्व में SIT गठित
मामले की जांच के लिए IPS मानसी साकोरे के नेतृत्व में आठ सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) बनाया गया है। टीम अब फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों, अस्पताल के रिकॉर्ड और बच्चों को दूसरे राज्यों में पहुंचाने वाले लोगों की भूमिका की जांच करेगी। साथ ही उन बच्चों का पता लगाया जाएगा, जिनकी कथित खरीद-बिक्री हुई है।








