रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी शोएब ढेबर की फरारी के मामले में पुलिस महकमे पर एक और कार्रवाई हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरार ढेबर से कथित सांठगांठ के आरोपों में निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने 16 नवंबर को यह आदेश जारी किया। दुबे नारायणपुर जिले में पदस्थ थे और इससे पहले रायपुर में तैनात रहे हैं।
निलंबन आदेश के अनुसार, मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध से जुड़ा है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(3) और 351(4) लगी हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 30 अक्टूबर को इस संबंध में पत्र भेजा था। उसी प्रतिवेदन के आधार पर दुबे का आचरण संदिग्ध और विभागीय मर्यादा के प्रतिकूल पाया गया।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र नारायणपुर रहेगा। नारायणपुर एसपी से रायपुर पुलिस कमिश्नर के प्रतिवेदन और संलग्न प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित रंगदारी और जान से मारने की धमकी का है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुकरेजा ने 14 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि गैंगस्टरों के नाम पर उन्हें और उनके परिवार को धमकाकर 25 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगी जा रही है। यह रकम लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगी गई थी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद ही इस मामले में रायपुर के पूर्व महापौर कांग्रेस नेता एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को आरोपी बनाया था।
पुलिस ने सितंबर के अंत में ढेबर को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ना पड़ा। पुलिस ने अदालत से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ली, लेकिन उसके पहले ही ढेबर फरार हो गया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने अदालत की अनुमति के बाद करीब आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश की योजना बनाई थी। रायपुर के खम्हारडीह इलाके में पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही ढेबर निकल चुका था, और बाकी ठिकानों पर भी वह नहीं मिला। इसी से गोपनीय सूचना लीक होने का संदेह गहराया। बाद में पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया और इनाम भी घोषित किया।
सूचना लीक होने की प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस कमिश्नर शुक्ला ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को निलंबित किया था। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी हुए, ताकि संवेदनशील जानकारी बाहर पहुंचने में उनकी भूमिका तय हो सके। अब निरीक्षक दुबे का निलंबन इसी कड़ी की अगली कार्रवाई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निलंबन विभागीय स्तर की कार्रवाई है। आरोपों की सच्चाई और अन्य पुलिसकर्मियों की संभावित भूमिका जांच का विषय है। रंगदारी के मामले की जांच भी जारी है।









