नई दिल्ली। अगर आप भी रिलायंस JIO का प्रीपेड सिम इस्तेमाल करते हैं और आपने समय पर अपना नंबर रिचार्ज नहीं कराया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। इन दिनों कई जियो प्रीपेड यूजर्स के मोबाइल पर कंपनी की ओर से एक अलर्ट मैसेज भेजा जा रहा है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि रिचार्ज प्लान खत्म होने के कारण उनकी इनकमिंग कॉल सेवा कभी भी बंद हो सकती है। इस तरह के मैसेज मिलने के बाद आम ग्राहकों के बीच चिंता बढ़ गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभिषेक यादव नाम के एक यूजर ने जियो की तरफ से आए इस कथित मैसेज का स्क्रीनशॉट साझा किया है। इस संदेश में अंग्रेजी में लिखा है कि आपका जियो रिचार्ज प्लान समाप्त हो गया है और इनकमिंग कॉल कभी भी रुक सकती हैं, इसलिए सेवा से जुड़े रहने के लिए तुरंत रिचार्ज कराएं। हालांकि इस अलर्ट में इनकमिंग कॉल बंद होने की कोई निश्चित तारीख या समय सीमा नहीं बताई गई है। फिलहाल जियो की ओर से इस मैसेज को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

आमतौर पर किसी भी टेलीकॉम कंपनी का प्रीपेड प्लान खत्म होने के बाद सबसे पहले आउटगोइंग कॉल और SMS भेजने की सुविधा रोकी जाती है लेकिन कुछ दिनों तक इनकमिंग कॉल और जरूरी मैसेज आते रहते हैं। जियो की आधिकारिक वेबसाइट पर भी रिचार्ज खत्म होने के तुरंत बाद इनकमिंग कॉल बंद होने को लेकर कोई स्पष्ट समय सीमा दर्ज नहीं है।
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण यानी ट्राई के नियमों के अनुसार, यदि कोई प्रीपेड सिम कार्ड नब्बे दिनों तक इस्तेमाल नहीं किया जाता है, तो भी उसे तुरंत बंद नहीं किया जा सकता। नब्बे दिन की अवधि पूरी होने के बाद ही टेलीकॉम कंपनियां तय प्रक्रिया के तहत नंबर को डीएक्टिवेट करने की कार्रवाई शुरू कर सकती हैं।
इसके अलावा जियो की अपनी नीतियों के मुताबिक, यदि किसी ग्राहक के खाते में बीस रुपये से कम बैलेंस है, तो सभी सेवाएं बंद होने के बाद नंबर को दोबारा सक्रिय कराने के लिए पंद्रह दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाता है। वहीं अगर खाते में बीस रुपये से अधिक बैलेंस मौजूद है, तो कंपनी ऑटोमैटिक नंबर रिटेंशन योजना के तहत बीस रुपये काटकर सिम की वैधता अगले तीस दिनों के लिए बढ़ा सकती है।









