बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अकवान का खतरा, तमिलनाडु से लेकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

लेंस डेस्क। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान अकवान का रूप ले सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने सोलह से इक्कीस नवंबर तक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस चक्रवात का नाम अकवान है जिसका नामकरण ईरान द्वारा किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि इसके प्रभाव से अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा बंगाल की खाड़ी के हिस्सों में मौसम खराब रहेगा और साठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। सत्रह नवंबर से हवा की गति बढ़कर अस्सी किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खराब मौसम और समुद्र की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा ने स्थिति पर बयान देते हुए कहा है कि वहां आपदा नियंत्रण बल और तीनों सेनाएं पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पिछले कुछ हफ्तों में बंगाल की खाड़ी में यह तीसरा बड़ा मौसमी सिस्टम है। इससे पहले अक्टूबर और नवंबर के महीनों में चक्रवात अर्नब और मुरसु भी आ चुके हैं, जिन्होंने तटीय इलाकों को प्रभावित किया था।

दूसरी ओर देश के बाकी हिस्सों में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। राजस्थान में पिछले दो दिनों हुई बारिश के कारण सर्दी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश के इक्कीस जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत चारों धामों में बर्फबारी दर्ज की गई है। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है, जहां सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई दो सौ सोलह दर्ज किया गया है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now