कैंसर की 137 दवाएं सस्ती हुईं, सुप्रीम कोर्ट ने महंगी दवाओं पर की थी टिप्पणी, ज्यादा कीमत वसूलने पर करें शिकायत

नई दिल्ली। कैंसर की 137 दवाएं 9 नवंबर से सस्ती हो गई हैं। दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की नई कीमतें जारी की हैं। इनमें कई ब्रांड की दवाओं के दाम 50 प्रतिशत से ज्यादा घटे हैं। सबसे ज्यादा कमी 96.45 प्रतिशत तक की गई है। सरकार के अनुसार, इन दवाओं के सस्ते होने से मरीजों को हर साल करीब 3,540 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।

सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद हुआ फैसला

पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की दवाओं की कीमतों पर सख्त टिप्पणी की थी। कोर्ट ने कहा था कि 2,700 रुपये की दवा मरीज को 27,000 रुपये में मिलना दिनदहाड़े डकैती और नरसंहार जैसा है। कोर्ट ने रिटेलर कीमत और एमआरपी के बीच के भारी मार्जिन पर सवाल उठाए थे।

सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 17 अक्टूबर को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर कंपनियों का मुनाफा 30 प्रतिशत तय कर दिया। इसी फैसले के बाद दवाओं की कीमतें घटी हैं।

विशेषज्ञ समिति की सिफारिश

कीमतें कम करने की सिफारिश स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के तहत बनी विशेषज्ञ समिति ने की थी। इसमें ऑन्कोलॉजिस्ट, मेडिकल विशेषज्ञ और सरकारी अधिकारी शामिल थे। समिति ने इन 137 दवाओं की सूची तैयार की है, जिसे समय-समय पर अपडेट किया जाएगा।

नई कीमत कैसे चेक करें?

मरीज दवा के पैकेट पर नई कीमत देख सकते हैं। ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप या एनपीपीए की वेबसाइट पर जाकर भी नई कीमत की पुष्टि की जा सकती है। कोई भी केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी तय कीमत से ज्यादा दाम नहीं ले सकती। अगर कोई ज्यादा कीमत वसूलता है तो ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल पर शिकायत की जा सकती है या एनपीपीए की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर संपर्क किया जा सकता है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now