देवास। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh)में इन दिनों शराब माफिया बेकाबू हो चुके हैं। बीते दिनों शहडोल जिले से शराब ठेकेदार का बंदूक लहराकर धमकी देते हुए वीडियो वायरल हुआ था। अब इसके बाद शराब माफिया ने देवास में बड़ी घटना को अंजाम दिया है। देर रात शराब तस्करी की सूचना पर ट्रक का पीछा कर रही पुलिस टीम के साथ बड़ी घटना हो गई।हरदा से गुजरात की ओर जा रहे ट्रक को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक चालक ने कुचल दिया। ट्रक का पिछला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों देवास में जहरीली शराब से हुई कई लोगों की मौत के बाद पुलिस ने शराब तस्करों पर सख्ती करना शुरू कर दिया था। इसी क्रम में रविवार रात को नेमावर रोड पर पुलिस द्वारा ट्रकों की जांच की जा रही थी। देवास के नवागत एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें बनाई थीं।
इनमें कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।पुलिस को सूचना मिली थी अवैध शराब से भरा ट्रक हरदा की ओर से आ रहा है और इंदौर होते हुए गुजरात जाने वाला है ।पुलिस टीम ट्रक का पीछा कर रही थी और आगे नाकाबंदी भी की गई थी।
शराब माफिया ने ले ली थाना प्रभारी की जान
चेकिंग के दौरान हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी उसे पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी होने लगी। ट्रक चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश भी की।
इसमें टीआई नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से चढ़कर निकल गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब 2 घंटे तक CPR और आपातकालीन इलाज दिया गया। लेकिन, गंभीर चोट के चलते उनकी मौत हो गई।उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव बरमंडल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
शराब से लोड था ट्रक
ट्रक नंबर एमपी 43 एच 4786 है जिसमे शराब भरी हुई है। पुलिस में ट्रक जब्त कर किया और चालक को गिरफ्तार कर लिया है । दबिश में शामिल अफसरों के मुताबिक शराब तस्करी में हरदा के एक तस्कर का नाम सामने आया है और देवास के तस्कर भी नेटवर्क में शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आदित्य मिश्रा सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे।











