भिलाई। जन संघर्ष मोर्चा छत्तीसगढ़ शनिवार, 24 अक्टूबर को भिलाई के परिवार चौक पर प्रदर्शन करेगा। अपराह्न 3 बजे आयोजित इस प्रदर्शन में चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को वापस लेने और सभी पात्र मतदाताओं का मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी।
मोर्चा की ओर से जारी अपील के मुताबिक, प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य कानून, 2026 को वापस लेने और राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के विरोध में भी आवाज उठाई जाएगी। इसके साथ ही भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल क्षेत्र के प्रभावित रहवासियों की कथित जबरिया बेदखली के खिलाफ उनके पक्ष में आवाज उठाई जाएगी।
मोर्चा ने देशभर में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चल रहे आंदोलनों के प्रति एकजुटता जाहिर करने की बात कही है। संगठन के संयोजक मंडल ने प्रगतिशील, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष संगठनों तथा नागरिकों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।







